ग्वालियर। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से लक्ष्मण तलैया परिवार, ग्वालियर द्वारा आगामी 7 नवंबर 2026, शनिवार को लक्ष्मण तलैया पर छठे भव्य दीपोत्सव महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन केवल दीप प्रज्ज्वलन का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का एक अनूठा संगम होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया (अध्यक्ष राज्य वित्त आयोग) मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष दीपोत्सव को विशेष भव्यता प्रदान करते हुए लक्ष्मण तलैया परिसर में लगभग 15,000 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपों की रोशनी से संपूर्ण परिसर आलोकित होगा और श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास का अद्भुत वातावरण निर्मित होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 5 बजे से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां प्रारंभ होंगी। शाम 7:30 बजे सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा तथा रात्रि 8 बजे भगवान श्रीराम जी की भव्य महाआरती संपन्न होगी। इसके साथ ही आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता, आध्यात्मिक झांकी-दर्शन तथा उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
लक्ष्मण तलैया परिवार ने नगर के समस्त गणमान्य नागरिकों, धर्मप्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं परिवारों से इस भव्य आयोजन में सपरिवार सम्मिलित होकर दीपोत्सव की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। साथ ही सभी नागरिकों से अपने साथ कम से कम 11 दीपक लेकर आने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम विवरण: 7 नवंबर 2026, शनिवार
स्थान : लक्ष्मण तलैया तालाब, ग्वालियर
टाइम : शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक
सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन : शाम 7:30 बजे
श्रीराम जी की महाआरती : रात्रि 8 बजे
आयोजक : समस्त लक्ष्मण तलैया परिवार, ग्वालियर
आइए, दीप जलाएं, संस्कृति सजाएं और आस्था के प्रकाश से ग्वालियर को आलोकित करें।
