अपना शहर

संपत्ति कर वसूली में तेजी लाएं, नामांतरण प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण: अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने संपत्ति कर विभाग का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

वही अपर आयुक्त राव ने संपत्ति कर विभाग की समीक्षा बैठक में कर चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप संपत्तिकर वसूली के निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए

ग्वालियर। अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बुधवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित संपत्ति कर विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय अधीक्षक एवं विभागीय कर्मचारियों से संपत्ति कर संबंधी कार्यों, नामांतरण प्रकरणों के निराकरण तथा कर वसूली की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संपत्ति के नामांतरण से संबंधित सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने संपत्ति कर वसूली के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सक्रियता एवं गंभीरता से कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि बकायादारों से संपर्क कर नियमानुसार कर वसूली की जाए तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाकर राजस्व संग्रहण के लक्ष्य समय पर पूरे किए जाएं।

अपर आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संपत्ति कर संबंधी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाएं तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें।

संपत्तिकर वसूली के निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे करें

 नगर निगम ग्वालियर के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने संपत्ति कर विभाग की समीक्षा बैठक लेकर चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत संपत्तिकर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त राव ने संपत्ति कर विभाग के चारों उपायुक्तों से अपने-अपने क्षेत्रों में संपत्ति कर वसूली की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि संपत्ति कर वसूली की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और बकायेदारों से संपर्क कर राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में प्राप्त किया जा सके।

बैठक में उपायुक्त  सुनील चौहान,  मुकेश बंसल, रजनीश गुप्ता एवं उत्तम जखनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इधर तीन राजस्व कर संग्रहक को कारण बताओ नोटिस जारी 

 राजस्व वसूली समीक्षा के दौरान ट्रेड लायसेंस नहीं बनाये जाने एवं पुराने ट्रेड लायसेंस का नवीनीकरण लक्ष्य के अनुरूप नहीं करने पर  पर तीन राजस्व कर संग्रहकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

अपर आयुक्त प्रदीप तोमर द्वारा जारी आदेशानुसार राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप नवीन ट्रेड लाइसेंस नहीं बनाये जाने एवं पुरानी ट्रेड लायसेंस का नवीनीकरण लक्ष्य के अनुरूप नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की गई। जिसको लेकर कार्य में लापरवाही करने वाले तीन राजस्व कर-संग्रहकों को नोटिस जारी किया गया है। जिसमें राजस्व कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 017  नितेश शिवहरे को निर्धारित 20 ट्रेड लायसेंस बनाने का लक्ष्य दिया था परंतु उनके द्वारा 2 ही ट्रेड लायसेंस बनाये गए। इसके साथ ही राजस्व कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 03 विशाल जाटव को निर्धारित 20 ट्रेड लायसेंस बनाने का लक्ष्य दिया था परंतु उनके द्वारा भी 2 ही ट्रेड लायसेंस बनाये गए एवं राजस्व कर संग्रहक क्षेत्र क्रमांक 05 मयंक श्रीवास्तव को निर्धारित 40 ट्रेड लायसेंस बनाने का लक्ष्य दिया था परंतु उनके द्वारा 3 ही ट्रेड लायसेंस बनाये गए। जिसके चलते उक्त तीनों राजस्व कर संग्रहकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।