क्राइम

"साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ़ ग्वालियर पुलिस की कार्रवाई"; ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹2 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से किया गिरफ्तार

सायबर ठग के बैंक खाते में लगा है कई अन्य फरियादी की शिकायत से लाखों रुपये का होल्ड, सायबर ठग के बैंक ख़ाता में हुआ है लाखों रुपये का लेनदेन,निवेश कर अच्छे मुनाफा का लालच देकर की गई धोखाधड़ी

ग्वालियर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर जयराज कुबेर के निर्देश  तथा एएसपी डॉ. शिवेश सिंह बघेल एवं सीएसपी विवि शैलेन्द्र शर्मा के  मार्गदर्शन झांसी रोड थाना पुलिस ने ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई में हरियाणा निवासी ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फरियादी की ठगी गई संपूर्ण राशि 2 लाख रुपये भी वापस कराई है।

साइबर ठगी की घटना की जानकारी देते वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने  बताया कि थाना झांसीरोड ग्वालियर में 1930 ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त ई-जीरो FIR क्र.-854/26 के आधार पर केस क्र.-163/26, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया था।

फरियादी विजय कुमार सिंधी, निवासी श्रीराम कॉलोनी झांसीरोड, ग्वालियर ने शिकायत में बताया था कि वह बिजली विभाग का कर्मचारी है और रोशनीघर इंदरगंज में कार्यरत है। ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश के दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने वाले व्यक्तियों ने उन्हें अधिक मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों ने उन्हें  A1154 Magnum Traders Hub  नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर  Magnum Smart एप्लीकेशन डाउनलोड कराई तथा निवेश के लिए एक बैंक खाते में राशि जमा कराई। फरियादी ने दिनांक 03.06.2026 एवं 04.06.2026 को दो बार में कुल 2,00,000 रुपये संबंधित बैंक खाते में ट्रांसफर किए। एप्लीकेशन पर मुनाफा प्रदर्शित होने के बाद जब उन्होंने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने 10 लाख रुपये और जमा करने की शर्त रख दी। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया। धोखाधड़ी का संदेह होने पर फरियादी ने 05.06.2026 को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कार्रवाई में साइबर तकनीक से ठग के बैंक खाते की जानकारी जुटाई और पलवल से ठग को गिरफ्तार किया

 प्रकरण की विवेचना के दौरान साइबर तकनीक की सहायता से धोखाधड़ी की राशि प्राप्त करने वाले बैंक खाते की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आए खाताधारक प्रवीण खटीक पुत्र बलराम खटीक, 32 वर्ष, निवासी डी-29, सोहना चुंगी के पास, लाइनपुरा, पलवल (हरियाणा) को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया । थाना झांसीरोड पुलिस ने प्रकरण में फरियादी की ठगी गई संपूर्ण राशि 2,00,000 रुपये वापस कराई गई। प्रकरण में अन्य तथ्यों एवं संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।

*सराहनीय भूमिका* :-  थाना प्रभारी झांसीरोड निरीक्षक सुरभि शर्मा, उनि आशीष शर्मा, प्रधान आरक्षक रामप्रीत, आरक्षक इरशाद, पवन, राजकुमार, हरिओम जाट की सराहनीय भूमिका रही।

*आम जन से  ग्वालियर पुलिस का अनुरोध*:-  

1- कभी भी लालच में आकर बिना सत्यापन के किसी भी कंपनी में निवेश नहीं करें।

2- अपना पिन मजबूत रखें और व्जच किसी को शेयर न करें।

3- सोशल मीडिया या किसी भी वेब पेज पर दिखाई दे रही लिंक पर क्लिक नहीं करें।

4- कोई भी हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल करते समय अपनी निजी जानकारी शेयर नहीं करें, और हमेशा हेल्पलाइन नम्बर कार्ड पर लिखे अथवा एप्लीकेशन में दिखाई देने वाले पर ही कॉल करें, सोशल मीडिया या वेब पेज पर प्राप्त हेल्पलाइन नम्बर पर सत्यापन बाद ही कॉल करें।

5- सायबर धोखाधड़ी होने अथवा अंदेशा होने पर 1930 पर कॉल कर अपने नजदीकी थाना पर रिपोर्ट कर मदद लें।

*ग्वालियर की अपील है* कि इस डिजिटल संसार में हम और आप जागरूक नागरिक बनें, स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को साझा कर सुरक्षित रखें।रखें।