अपना शहर

'कटोराताल' एवं वार्ड-13 का निरीक्षण"; 'सावरकर सरोवर' में तैरती 'काई और गाद' देखकर भड़के अपर आयुक्त ने तीन दिन में सफाई के निर्देश दिए, दो जिम्मेदारों पर गिरी गाज

लापरवाही पर वेतन कटौती और नोटिस जारी होंगे, निरीक्षण में अपर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्थाओं के संचालन में लापरवाही और निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने पर संबंधितों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई होगी

ग्वालियर।  नगर निगम के अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कटोराताल सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के भी निर्देश दिए। 

स्मार्ट सिटी सीईओ एवं अपर आयुक्त राव ने गुरुवार को सबसे पहले कटोराताल का निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब में काई जमी होने पर उन्होंने फटकार लगाते हुए कटोराताल की तीन दिन के भीतर पूरी सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही स्वर्ण-रेखा प्रभारी एएचओ को बदलने तथा कटोराताल का संचालन सुचारु रूप से नहीं किए जाने के संबंध में नोडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईपीई ग्लोबल के पीडीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्थाओं के संचालन में लापरवाही और निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद अपर आयुक्त ने वार्ड क्र.-13 में कर्मचारियों की अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तथा कर्मचारियों की सूची मांगी। सूची उपलब्ध नहीं कराने पर सहायक को मूल पद पर पदस्थ करने और उनका 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके अलावा कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं कराने के मामले में संबंधित एचओ, एएचओ एवं जेडएचओ का एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 13 के खिड़की वाला मोहल्ला क्षेत्र में नाली में गोबर डालने का मामला भी सामने आया। इस पर अपर आयुक्त ने संबंधित के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि नालियों में कचरा एवं गोबर डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।

अपर आयुक्त  राव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जाएगी।