अपना शहर

"मध्यप्रदेश का 71वाँ स्थापना दिवस"; ग्वालियर में भी उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनेगा, एक नवम्बर की सांध्यबेला में मेला परिसर में आयोजित होगा जिले का मुख्य समारोह

समारोह स्थल पर सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनियां लगेंगीं, साथ ही उत्कृष्ट कार्य कर रहे कलाकारों, नागरिकों व शा.सेवकों को सम्मानित किया जायेगा

कलेक्टर ने जिलेवासियों से उत्साह के साथ प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने की अपील, समारोह में भारतीय परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे


ग्वालियर। सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी मध्यप्रदेश का 71वाँ स्थापना दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया जायेगा। जिले का मुख्य समारोह 01 नवंबर को सांध्यबेला में मेला परिसर में आयोजित होगा। स्थापना दिवस पर आयोजित होने जा रहे इस समारोह में भारतीय परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि समारोह स्थल पर सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनियां लगेंगीं। साथ ही विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य कर रहे कलाकारों, नागरिकों व शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जायेगा। स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय पर आयोजित हो रहे मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम व लोकतंत्र सेनानियों, जनप्रतिनिधिगणों, शहीदों के परिजनों, उद्यमियों, व्यवसाइयों, समाजसेवियों, धर्मगुरू, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों व स्टार्टअप के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिक इत्यादि को आमंत्रित किया है। कलेक्टर चौहान ने जिलेवासियों से उत्साह व उमंग के साथ प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने की अपील की है।है।