ग्वालियर। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने एवं गौ-पालन को प्रोत्साहित करने के लिये राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के वृंदावन ग्रामों में भी गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत देशी गौवंश की प्रतियोगितायें आयोजित होंगीं। जिले के वृंदावन ग्राम बेहट में स्थानीय मंडी परिसर, टेकनपुर में पंचायत भवन डबरा व सिमिरियाटांका में पंचायत भवन में यह प्रतियोगितायें 30 व 31 अक्टूबर को रखी गई हैं। उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत 30 व 31 अक्टूबर को सुबह व शाम गायों के दूध की माप की जायेगी।
सबसे अधिक दूध देने वाली गाय को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपए प्रदान किए जायेंगे। द्वितीय पुरस्कार के तहत 50 हजार और तृतीय पुरस्कार के तहत 25 हजार रुपए प्रदान किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये गाय की खरीद 20 अक्टूबर 2026 से पहले की होनी चाहिए। एक प्रतिभागी को केवल एक गाय प्रतियोगिता में शामिल की जायेगी। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंशीय पशुधन क्रय संरक्षण संवर्धन के लिये किया जा सकेगा। विजेता प्रतिभागी अपने गौवंश को 6 माह तक नहीं बेच सकेंगे। अगले वर्ष यह प्रतिस्पर्धा विकासखंड स्तर पर भी आयोजित की जायेंगीं।
