टॉप न्यूज़

"रन फॉर यूनिटी-सह सदभावना रैली”; सदभावना रैली निकालकर 'राष्ट्रीय एकता का संदेश' दिया, कम्पू स्थित खेल परिसर से दिखाई हरी झण्डी, राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई, इधर कलेक्ट्रेट में अधिकारी-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” को कम्पू खेल परिसर से रवाना किया, राष्ट्रीय एकता दिवस पर कलेक्टर के नेतृत्व में ली गई शपथ

उधर सीआरपीएफ के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में भी हुआ “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ, राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिये अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया, केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों व बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया


ग्वालियर। राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर को राज्य शासन के दिशा- निर्देशों के तहत ग्वालियर में “रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली निकालकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” को कम्पू स्थित खेल परिसर से ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कम्पू थाना, केआरजी कॉलेज, पद्मा विद्यालय, महावीर भवन, कम्पू चौराहा से कम्पू थाना होते हुए वापस जिला खेल परिसर पहुँची और यहीं पर इस रैली का समापन हुआ। 

 “रन फॉर यूनिटी” के आयोजन से पहले कम्पू खेल परिसर में जीडीए अध्यक्ष ने रैली में शामिल  खिलाड़ियों, विद्यार्थियों व नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखण्डता बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्षिता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का स्मरण किया गया। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प भी लिया। 

 इस अवसर पर जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी अरविंद सिंह राणा, कम्पू खेल परिसर के प्रशिक्षक व कोच एवं खिलाड़ी मौजूद थे। 

राष्ट्रीय एकता दिवस पर कलेक्ट्रेट में अधिकारी-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ, कलेक्टर के नेतृत्व में ली गई शपथ 

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती ग्वालियर जिले में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

 राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने की शपथ ली। साथ ही यह भी संकल्प लिया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों से प्रेरणा लेकर देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देंगे। 

उधर सीआरपीएफ के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में भी हुआ “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ 

“एकता ही हमारी शक्ति है और विविधता ही हमारा गौरव है” के मूल मंत्र के साथ सीआरपीएफ के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। जिसमें केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों व बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। 

 राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीआरपीएफ के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य एवं पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने अधिकारियों व जवानों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिये अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।