मंगलवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर खाद्य विभाग के दल द्वारा छापामार कार्रवाई की गई है, फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी एवं गुड़ा गुड़ी नाके पर स्थित सात अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई
ग्वालियर। जिले में रसोई गैस का दुरुपयोग रोकने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर खाद्य विभाग के दल द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। विभाग के दल द्वारा फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी एवं गुड़ा गुड़ी नाके पर स्थित सात अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किये हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक अरविंद भदौरिया से मिली जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग के दल द्वारा किए गए निरीक्षण के समय फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी के प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर व्यंजन तैयार कर बेचे जा रहे थे। इसी तरह गुड़ा गुड़ी के नाके के 02 प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलेंडरों से 5 किलो के छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग कर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी 20 घरेलू सिलेंडरों को अनंत गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है । सभी संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
खनिज पदार्थों का परिवहन करने वाले वाहनों में अनिवार्यत: लगाने होंगे आरएफ टैग, डम्फर संचालकों को बैठक लेकर RTO ने हिदायत दी
ग्वालियर जिले में खनिज पदार्थों के परिवहन में संलग्न सभी वाहनों में कलेक्टर रुचिका चौहान ने अनिवार्यत: आरएफ टैग लगवाने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने डम्फर संचालकों की बैठक लेकर शेष सभी वाहनों में जल्द से जल्द आरएफ टैग लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन इस कार्य को लेकर गंभीर है, इसलिये आरएफ टैग लगवाने में कोई ढ़िलाई न हो, अन्यथा प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
ज्ञात हो आरएफ टैग एक ऐसा छोटा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होता है जो रेडियो तरंगों का उपयोग कर वाहन की पहचान और ट्रैकिंग करता है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि बैठक में डम्फर यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि जिले में अब तक 300 वाहनों में आरएफ टैग लगवाए जा चुके हैं। शेष अन्य वाहन स्वामियों से भी अतिशीघ्र आरएफ टैग लगवाने के लिये कहा गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि आरएफ टैग से संबंधित जानकारी खनिज विभाग की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
