ग्वालियर व्यापार मेला का आयोजन 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जा रहा है। मेला प्राधिकरण द्वारा 2,090 दुकानों को आरक्षित श्रेणी में शामिल कर आवंटन के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। इन दुकानों के लिए अब तक कुल 644 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। दुकान आवंटन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि आरक्षित श्रेणी में ऑटोमोबाइल्स, झूला, इलेक्ट्रॉनिक्स, पक्की दुकानें, कोठरी, चबूतरा, सी की दुकानें, रेलवे ट्रैक की दुकानें, डीएनएसटी, एसटी, एक्सपो और एएम की दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों का आवंटन ऑनलाइन पोर्टल gwaliormela.mponline.gov.in के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त 644 आवेदनों के माध्यम से मेला प्राधिकरण को लगभग 80 लाख रुपये किराये के रूप में प्राप्त हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के लिए ऑनलाइन माध्यम से 9.35 लाख रुपये की राशि भी प्राधिकरण को प्राप्त हुई है। मेला प्राधिकरण ने इच्छुक दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 से पहले शीघ्र आवेदन करें। यदि किसी दुकानदार को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, तो वह मेला प्राधिकरण कार्यालय में स्थापित ऑनलाइन कियोस्क पर पहुंचकर आवेदन कर सकता है।है।
