ग्वालियर। पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से शहर के सांदीपनि पद्मा विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में चार श्रमिकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल मरीजों को तत्परता से उपचार के लिये जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन की टीम को तत्काल मौके पर भेजा और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना 26 अक्टूबर सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे के बाद हुई है। कंपू स्थित पद्मा राजे स्कूल परिसर के अंदर पुलिस हाउसिंग की ओर से सीएम राइज सांदीपनि स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बताया गया है कि हादसे के समय मजदूर बिल्डिंग की शटरिंग प्लेट खोलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरी शटरिंग और अगला ढांचा नीचे आ गिरा। स्ट्रक्चर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई ।
छत ढलाई के दौरान कंक्रीट इकट्ठा होने से बैठी छत
दुर्घटना में निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर ने घटना की वजह बताई है। सुपरवाइजर बलवंत सिंह के अनुसार, इमारत की छत डालने का काम चल रहा था। छत ढलाई के दौरान कंक्रीट का माल एक ही जगह पर जरूरत से ज्यादा इकट्ठा हो गया। इसके साथ ही कंक्रीट पंप के दबाव के कारण छत का हिस्सा वजन सहन नहीं कर सका और अचानक नीचे बैठ गया।
कलेक्टर ने पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनंत कुमार सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जाँच कराने के लिये कहा है। प्रबंध निदेशक सिंह द्वारा चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर के नेतृत्व में तकनीकी दल तत्परता से भेजने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। पद्मा विद्यालय में निर्माणाधीन कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में जिन चार श्रमिकों को चोटें आई हैं, उनमें हरिराम बंसल 38 वर्ष निवासी दमोह, राजेश 30 वर्ष निवासी दमोह, रामझरोखा 38 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ व दिलेश्वर 25 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ शामिल हैं।
