ग्वालियर में सीएम राइज योजना के तहत निर्माणाधीन सांदीपनि पद्मा कन्या विद्यालय परिसर में 40 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सांदीपनि स्कूल की छत सोमवार को ढह गई थी। स्लैब कास्टिंग के दौरान छत गिरने की घटना को राज्य शासन द्वारा विशेष गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में MP पुलिस हाउसिंग एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने सहायक यंत्री (AE) राजदीप सिंह जादौन और उपयंत्री (JE) सतेन्द्र पांडेय को निलंबित कर दिया है। वहीं, प्रोजेक्ट इंजीनियर एवं (EE) मनोज आचार्य के खिलाफ कार्रवाई के लिये कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम अनंत कुमार सिंह द्वारा इस कार्रवाई के संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
बता दे कि ग्वालियर के पद्मा स्कूल परिसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग की बीते रोज स्लैब कास्टिंग के दौरान छत गिरने की घटना हुई थी, जिसमें चार मजदूर घायल हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने मजदूरों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के साथ प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम अनंत कुमार सिंह से फोन पर चर्चा की थी। प्रबंध संचालक सिंह ने घटना को गंभीरता से लेकर मौके पर जाँच दल भेजने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में मंगलवार को भोपाल से आए दल द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया उपयंत्री, सहायक यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री की उदासीनता और बड़ी लापरवाही सामने आई। प्रबंध संचालक सिंह ने इस लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की है।
निर्माणाधीन कार्य में तकनीकी खामी और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।सकेगी।
