टॉप न्यूज़

आरोली तिराहा मुरार के खाद एवं बीज भण्डार का उर्वरक लाइसेंस निलंबित, फर्म के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश की धाराओं के तहत कार्रवाई की, इस खाद - बीज भण्डार का कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया था

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को उर्वरक प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर अनियमिततायें पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं

ग्वालियर। जिले के किसानों को मानक एवं गुणवत्तायुक्त खाद व बीज उपलब्ध कराने के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान ने किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग के अधिकारियों को उर्वरक प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अनियमिततायें पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं। इस कड़ी में आरोली तिराहा मुरार स्थित दाने बाबा खाद एवं बीज भण्डार का उर्वरक विक्रय अधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया है।

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानुप्रकाश शर्मा ने बताया कि कृषि विभाग के दल द्वारा इस खाद एवं बीज भण्डार का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उर्वरक व्यवसाय से संबंधित अभिलेख नहीं पाए गए। अभिलेख प्रस्तुत करने के लिये खाद एवं बीज भण्डार के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समयावधि के बाद भी अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर इस फर्म के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उर्वरक विक्रय अधिकार पत्र निलंबित कर दिया गया है।

नए भवन में पहुँचा तहसील कार्यालय मुरार

मुरार तहसील कार्यालय अब नवनिर्मित एवं सुसज्जित भवन में संचालित होगा। तहसील कार्यालय का नया भवन बड़ागांव खेरियामोदी के अंतर्गत विक्रांत विश्वविद्यालय के समीप बनाया गया है। इस भवन में तहसील का संचालन प्रारंभ हो गया है। तहसीलदार मधुलिका तोमर ने जानकारी दी है कि अब तक टप्पा तहसील मुरार में संचालित हो रहे तहसील कार्यालय मुरार का संचालन अब नवनिर्मित भवन में प्रारंभ हो गया है। तहसील स्तरीय कार्यों के लिये नागरिक नए भवन में संपर्क कर सकते हैं।