टॉप न्यूज़

"पनडुब्बी नष्ट कर रास्ता कराया बंद"; अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जिला प्रशासन की टीम ने ग्राम लोडी स्थित पार्वती नदी में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई की

एसडीएम भितरवार एवं नायब तहसीलदार ने संयुक्त रूप से ग्राम लोडी पहुंचकर मौके पर औचक निरीक्षण किया, नदी में अवैध रूप से रेत निकालने लगाई पनडुब्बी को प्रशासनिक टीम ने नष्ट कराया

ग्वालियर। जिले के भितरवार क्षेत्र के अंतर्गत अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गई जिला प्रशासन की टीम द्वारा ग्राम लोडी स्थित पार्वती नदी में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया एवं नायब तहसीलदार हरनाम सिंह ने संयुक्त रूप से ग्राम लोडी पहुंचकर मौके पर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए लगाई गई पनडुब्बी (मशीन) को प्रशासनिक टीम ने नष्ट कराया। साथ ही डंपर एवं अन्य वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए नदी तक जाने वाले रास्ते को जेसीबी मशीन से काटकर बंद करा दिया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध रेत उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।