अपना शहर

"विशेष अभियान लगातार जारी"; अवैध होर्डिंग पर नगर निगम की कड़ी कार्रवाईः शिवपुरी लिंक रोड सहित सिटी सेंटर एवं ग्वालियर विस क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई हुई है

निगम के मदाखलत अमले ने अपर आयुक्त द्वारा गठित दल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई में अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टरों को हटाया जा रहा है

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सौंदर्यपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध एवं अनाधिकृत रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टरों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते रोज नगर निगम की होर्डिंग शाखा एवं मदाखलत अमले द्वारा अपर आयुक्त टी प्रतीक राव द्वारा गठित दल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टरों को हटाया गया।

नगर निगम के नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान एवं नोडल अधिकारी होर्डिंग अनूप लिटोरिया के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान चिरवाई नाका पर सांवरिया सेठ,  शिवपुरी लिंक रोड किया शोरूम के पास एसेंट एडवर्टाइजिंग एवं मेट्रो टावर पर ग्लोमार्ट के होर्डिंग लगे थे ,जिन्हें हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई, जिसके बाद संबंधित एजेंसी के संचालक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शाम तक स्वयं ही स्ट्रक्चर हटाने का आश्वासन दिया है। निगम द्वारा सभी होर्डिंग स्ट्रक्चर के फ्लेक्स हटाए, नट बोल्ट काट दिए। इस दौरान लाइट कनेक्शन भी काट दिए। इसके साथ ही होर्डिंग संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार से अवैध होर्डिंग नहीं लगने दी जाएगी, यदि उन्होंने कहीं भी ऐसे स्थान पर होर्डिग लगे जो की स्वीकृत नहीं है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

इसके साथ ही आज "जोन क्र - 06" के अन्तर्गत एमएलबी कॉलोनी, पड़ाव ग्वालियर, लक्ष्मणपुरा, महिमा होटल के पास पडाव ग्वालियर, तानसेन रोड़, एमपीईबी कार्यालय के पास ग्वालियर, मन रोड विकास नगर, ग्वालियर, लक्ष्मीबाई स्टैचू के पास मुख्य सड़क ग्वालियर, जीडीए ऑफिस के पास सहित आदि स्थानों पर सम्बन्धित राजस्व कर संग्रहक पुरुषोत्तम दुबे के द्वारा बताए गए निर्देशित स्थलों पर अवैध बैनरो/होर्डिन्गो आदि को हटवाने की कार्यवाही की गई।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे तथा विद्युत पोलों एवं अन्य स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग एवं प्रचार सामग्री न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न करती है। इन्हें हटाने के लिए नगर निगम द्वारा नियमित रूप से अभियान संचालित किया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान निगम के मदाखलत अमले एवं होर्डिंग शाखा के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी चिन्हित स्थानों से अवैध प्रचार सामग्री हटाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी तथा आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों एवं संबंधित संस्थाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर अथवा पोस्टर लगाने से पूर्व निगम की निर्धारित अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि शहर की स्वच्छता, सौंदर्य एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। निगम का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा।रहेगा।