ग्वालियर। जिला प्रशासन की संवेदनशील एवं जनहितैषी पहल रविवार की रात जनपद पंचायत मुरार के ग्राम बरेठा में आयोजित रात्रि चौपाल में साकार हो उठी। ग्राम पंचायत भवन के सामने चबूतरे पर ग्रामीणों के बीच अनौपचारिक माहौल में बैठीं कलेक्टर रुचिका चौहान ने न केवल उनकी समस्याएँ सुनीं, बल्कि मौके पर ही उनके समाधान कराकर शासन के प्रति अमजन का विश्वास भी मजबूत किया। चौपाल में किसानों को मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप लाभकारी खेती का मार्गदर्शन मिला तो जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता और उपचार का पुख्ता भरोसा भी मिला। चौपाल में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए।
चौपाल के दौरान कलेक्टर चौहान ने किसानों से खरीफ फसल की तैयारियों पर चर्चा की। अधिकांश किसानों ने धान लगाने की बात कही। इस पर उन्होंने बताया कि इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा हुई है तथा आगे भी वर्षा में विलंब की संभावना है। ऐसी स्थिति में किसानों को कम पानी में अधिक लाभ देने वाली वैकल्पिक फसलों को अपनाने की सलाह दी गई। उप संचालक कृषि एवं सहायक संचालक उद्यानिकी ने तिल, टमाटर, मिर्च एवं मशरूम जैसी नगदी फसलों के आर्थिक लाभ और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी। मार्गदर्शन से प्रभावित होकर 20 किसानों ने तिल तथा 10-10 किसानों ने टमाटर एवं मशरूम उत्पादन अपनाने के लिए मौके पर ही अपने नाम दर्ज कराए।
चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों ने कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया तथा शेष प्रकरणों के त्वरित निराकरण की रूपरेखा तय की गई।
जरूरतमंद परिवारों को मिली तत्काल राहत
चौपाल में पहुँची जरूरतमंद महिला रेखा ने अपने पति ब्रजकिशोर के लकवाग्रस्त होने और आर्थिक संकट की जानकारी कलेक्टर को दी। चर्चा के दौरान पता चला कि ब्रजकिशोर का संबल कार्ड बना हुआ है, लेकिन जानकारी के अभाव में उन्होंने सहायता के लिए आवेदन नहीं किया था। कलेक्टर चौहान ने श्रम विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर संबल योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। सहायता की जानकारी मिलते ही रेखा भावुक हो गई और उसने कहा कि इस राशि से वह सिलाई मशीन खरीदकर परिवार की आजीविका का सहारा बनेगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
इसी प्रकार चौपाल में एक किशोर बालक इरफान की आँखों की गंभीर समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराकर बेहतर उपचार सुनिश्चित कराया जाए।
राजस्व प्रकरणों के समाधान की बनी रूपरेखा
रात्रि चौपाल में सीमांकन, बंटवारा एवं नामांतरण से जुड़े प्रकरण भी प्रमुखता से सामने आए। कलेक्टर ने दोनों पक्षों, राजस्व अधिकारियों तथा संबंधित पटवारियों को मौके पर बुलाकर प्रकरणवार समाधान की रूपरेखा तैयार कराई और समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
