ग्वालियर। निर्माणाधीन सचिन तेंदुलकर मार्ग का शनिवार को फिर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने हुरावली पर निर्माणाधीन पुलिया और जल- निकासी की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। साथ ही निर्माणाधीन हुरावली पुलिया से गुजरने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे आमजनों को परेशानी ना हो और हुरावली पुलिया का निर्माण कार्य भी तेज गति से चलता रहे।
सचिन तेंदुलकर मार्ग का निर्माण-कार्य स्मार्ट सिटी द्वारा किया जा रहा है। निर्माणाधीन सडक मार्ग का अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने आज निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बारिश के पानी के निकासी की व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन हुरावली पुलिया को भी देखा, वहां से बड़ी मुश्क़िलों के बीच आमजन गुजर रहे थे, जिसके कारण कभी भी किसी को चोट लग सकती थी। इसको देखते हुए अपर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण के दौरान पुलिया से आमजनों के निकलने पर रोक लगाई जाए, इससे पहले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग की भी व्यवस्था की जाए, जिससे आमजनों को परेशानी ना हो। साथ ही सुरक्षित तरीके से कार्य पूर्ण हो सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्रीकांत कांटे, स्मार्ट सिटी से सुबोध खरे, अनिल चौहान, सहायक सिटी प्लानर राकेश कश्यप, अजय शाक्यवार, प्रकाश अहिरवार, तनुजा वर्मा सहित संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
