ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को अल्प प्रवास (ट्रांजिट विजिट) पर ग्वालियर आयेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का इस दिन दोपहर लगभग 01 बजे वायुमार्ग द्वारा राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर आगमन होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर विमानतल से थोड़ी देर रुकने के बाद हैलीकॉप्टर द्वारा लहार जिला भिण्ड के लिये रवाना होंगे। मुख्यमंत्री लहार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से लाड़ली बहना योजना के तहत सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश भर की बहनाओं के खाते में जुलाई माह की किस्त पहुँचायेंगे। साथ ही इस अवसर पर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
लहार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपरान्ह लगभग 4.15 बजे वापस ग्वालियर विमानतल पहुँचेंगे और यहां से थोड़ी देर बाद विमान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
प्रभारी मंत्री सिलावट 12 जुलाई को ग्वालियर आयेंगे
जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट 12 जुलाई को ग्वालियर प्रवास पर आयेंगे। सिलावट इस दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ इंदौर से विमान द्वारा रवाना होकर अपरान्ह लगभग 01 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुँचेंगे। प्रभारी मंत्री यहां से व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार जायेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान सिलावट विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
उधर भिंड कलेक्टर एवं एसपी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा, मंच स्थल, सभा, पार्किंग एवं हेलीपैड स्थल का किया निरीक्षण
कलेक्टर भिण्ड एवं पुलिस अधीक्षक भिण्ड ने लहार पहुंचकर विधायक अम्बरीश शर्मा, जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भिण्ड जिले के लहार में प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने लहार के भाटनताल पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन कर, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए चिन्हित सभा स्थल, मंच, ग्रीनरूम सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा साथ ही हैलीपेड स्थल तथा पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सभी व्यवस्थाएं यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर, एसडीएम लहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
