ग्वालियर। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि देश का हृदय मध्यप्रदेश तेजी के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अधोसंरचना एवं औद्योगिक विकास सहित मध्यप्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। ग्वालियर में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने आह्वान किया कि हम सब मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर यह संकल्प लें कि वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को भी देश के साथ विकसित राज्य बनायेंगे। विस अध्यक्ष तोमर मध्यप्रदेश के 71वे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं अपनी ओर से सभी को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं। समारोह में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, वरिष्ठ भाजपा नेता अभय चौधरी, संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजौरिया, सभापति मनोज तोमर ,जीडीए, साडा और मेला प्राधिकरण अध्यक्षगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।
कार्यक्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान, निगमायुक्त अभिषेक चौधरी, जिपं सीईओ सोजान सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, एएसपी जयराज कुबेर, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
रविवार 01 नवम्बर को जिला प्रशासन के तत्वावधान में मेला परिसर में आयोजित भव्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ग्वालियर का नाम रोशन कर रहीं विभूतियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के वैभव व लोक रंगों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थीं।
मुख्य अतिथि तोमर ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले 20 वर्षों के दौरान विकास के हर क्षेत्र में बड़े आयाम स्थापित हुए हैं। बिजली, सोलर एनर्जी, उन्नत व जैविक खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा व सिंचाई सुविधाओं में क्रांतिकारी प्रगति हुई है।
सोलर मिशन की गतिविधियों को मूर्तरूप देने में मध्यप्रदेश देश के अव्वल राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में अपरमित प्रगति हुई है। प्रदेश में पहले मात्र दो-तीन विश्वविद्यालय हुआ करते थे। अब प्रदेश में विश्वविद्यालयों की बड़ी संख्या हो गई है। इसी तरह पहले मात्र चार मेडीकल कॉलेज थे, अब 22 मेडीकल कॉलेज हैं, जिनकी संख्या शीघ्र ही 40 होने जा रही है। प्रदेश में वर्ष 2004 में मात्र 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था। अब 26 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उत्पादन हो रहा है। कृषि के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश में क्रांतिकारी बदलाव आया है। पहले खेती की बात चलने पर पंजाब और हरियाणा का नाम लिया जाता था। अब मध्यप्रदेश देश का सबसे अग्रणी राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, खेल, साहित्य, कला के प्रोत्साहन के साथ सैनिकों के सम्मान का भी पूरा ध्यान रख रही है। मध्यप्रदेश सरकार सीमा पर शहीद होने वाले सैनिकों के परिजनों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश खनिज संपदाओं में भी समृद्ध है। हमारी संपदा इतनी है कि हम ईमानदारी से इसका दोहन करें तो प्रदेश तेजी से उत्तरोत्तर प्रगति पर अग्रसर रहेगा। इस मौके पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी समारोह को संबोधित किया ।
इससे पहले में विस अध्यक्ष तोमर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर मध्यप्रदेश की स्वर्णिम विकास यात्रा पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथिगणों द्वारा किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
ग्वालियर में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने मन-मोहक रंग बिखेरे। माधव संगीत महाविद्यालय की छात्रा सुश्री मुस्कान बघेल व छात्र सोमिल कुशवाह ने पंडित बिरजू महाराज जी द्वारा रचित लखनऊ घराने के तराने पर द्रुत गति से शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में इसी महाविद्यालय की छात्राओं ने गोंधल लोक नृत्य के माध्यम से देवी आराधना का मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों की इन प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं सामपन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन एसबी ओझा द्वारा किया गया।
स्थापना दिवस समारोह में इन विभूतियों का हुआ सम्मान
जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि तोमर सहित अन्य अतिथियों ने कला व खेल सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं जिले की विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी सुश्री दीक्षा भार्गव, विख्यात मूर्तिकार एवं मॉर्डन स्टोन क्राफ्ट आर्टिस्ट दीपक विश्वकर्मा, प्रसिद्ध गायिका अंकिता कैलासिया एवं माइक्रो मिनिएचर आर्टिस्ट हितेन्द्र शाक्य शामिल हैं। इसी तरह नगर निगम की सफाई मित्र कमलेश को भी सम्मानित किया गया।
कृष्णा को ट्रेक्टर, रामबरन को बुलट मोटरसाइकिल व कुबेर को मिली स्कूटी
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा आयोजित की गई कृषि क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे जिले के भितरवार विकासखंड के ग्राम खेड़ा निवासी युवा कृषक कृष्णा रावत को प्रथम पुरस्कार के रूप में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने राज्य शासन की ओर से ट्रेक्टर के लिये 7 लाख 26 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक व ट्रेक्टर की चाबी प्रदान की। कृषि क्विज प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान पर रहे ग्राम बेरनी भितरवार निवासी रामबरन सिंह को बुलट मोटर-साइकिल के लिये 01 लाख 68 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक व बुलट की चाबी प्रदान की गई। तृतीय पुरस्कार के रूप में ग्राम सोताखिरिया ब्लॉक भितरवार निवासी कुबेर सिंह बघेल को स्कूटी के लिये 01 लाख 20 हजार रुपए की राशि व स्कूटी की चाबी दी गई। शासकीय विधि महाविद्यालय में बीए एलएलबी में अध्ययनरत शौर्य प्रधान एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत छात्र शिवांश परखारिया को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्र योजना के तहत एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति का चैक प्रदान किया गया।
