राजनीति

मुख्यमंत्री ग्वालियर व शिवपुरी जिले के प्रवास पर आए; राजकीय विमान से दोपहर भोपाल से चलकर ग्वालियर पहुँचे, ग्वालियर विमानतल पर आत्मीय स्वागत

घाटीगांव में लाड़ली बहना भव्य सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री शिवपुरी पहुँचे और यहाँ वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को ग्वालियर एवं शिवपुरी जिले में आगमन हुआ। ग्वालियर जिले के घाटीगांव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में लाड़ली बहना योजना के तहत आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेशभर की महिलाओं के खाते में राशि अंतरित की। इसके बाद शिवपुरी पहुँचकर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजकीय विमान से दोपहर भोपाल से चलकर ग्वालियर पधारे। उनके साथ प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, प्रदेश भाजपा मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर भी उनके साथ आए। विमानतल से केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट व ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ हैलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके बाद शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। इसके बाद हैलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर विमानतल पर पहुँचे। विमानतल पर जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों से भेंट करने के बाद राजकीय विमान से भोपाल रवाना हुए।

मुख्यमंत्री शिवपुरी में देवेन्द्र जैन के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को अल्पप्रवास पर संभाग के शिवपुरी जिला मुख्यालय पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवपुरी में नक्षत्र गार्डन पहुंचकर विधायक देवेंद्र जैन के पुत्र सक्षम जैन और वधू आरजू को आशीर्वाद प्रदान किया। नवविवाहित दंपति को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उनके साथ थे।थे।