ग्वालियर। जन-सुनवाई में जनसमस्याओं के निराकरण के साथ जरूरतमंदों को सहारा भी मिलता है। आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जन-सुनवाई में ऐसी ही एक जरूरतमंद महिला को राशन एवं एक दिव्यांग को ट्राइसकिल उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने दिए। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार 126 लोगों की समस्यायें सुनीं गईं। ज्ञात हो राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्येक मंगलवार को जन-सुनवाई की जाती है।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में प्राप्त हुए 126 आवेदनों में से 60 आवेदन दर्ज किए गए। शेष 66 आवेदन संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को सीधे ही निराकरण के लिये दिए गए। सभी अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी।
जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। साथ ही पात्रता में आने वाले आवेदकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री सी बी प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती जुही गर्ग, श्री सुरेश कुमार बरहादिया व श्री विनोद सिंह, एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह, एसडीएम लश्कर श्री नरेन्द्र बाबू यादव, एसडीएम मुरार श्री नेरशचंद गुप्ता एवं एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्री सूर्यकांत त्रिपाठी ने भी जन सामान्य से आवेदन प्राप्त किए और निराकरण भी किया।
