टॉप न्यूज़

बगैर पंजीकरण के नहीं मिलेगी छात्रवृत्ति;15 मार्च को एमपीटास पोर्टल होगा बंद, इससे पहले करा लें प्रोफाइल पंजीयन

आरक्षित वर्ग के Sc व St छात्र-छात्रायें निर्धारित तिथि से पहले करा लें यह काम, पोर्टल पर पंजीयन के बिना किसी छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी

ग्वालियर। जिले की शासकीय व अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के जिन छात्र-छात्राओं ने छात्रवृत्ति के लिये नवीन एवं नवीनीकरण के लिये एमपीटास पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल पंजीकृत नहीं की है, उनसे हर हाल में 15 मार्च तक यह पंजीकरण करने के लिये कहा गया है।

इस तिथि के बाद यह पोर्टल बंद हो जायेगा। साथ ही ऐसे सभी छात्र-छात्राओं जिन्हें एमपीटास पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति मिलती है, उनसे 13 मार्च तक स्कॉलरशिप पोर्टल पर अपना ओटीआर पंजीयन सुनिश्चित करने के लिये कहा गया है। ओटीआर पंजीकरण व पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन के बिना किसी भी छात्र-छात्रा को एमपीटास पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने बताया कि जिले की सभी शासकीय व अशासकीय संस्था प्रमुखों से भी स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वे अपनी संस्था में अध्ययनरत अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की छात्र-छात्राओं के प्रोफाइल पंजीयन व ओटीआर का कार्य निर्धारित तिथि से पूर्व कराना सुनिश्चित करें। यदि निर्धारित तिथि तक यह कार्य पूर्ण नहीं हुआ और पोर्टल बंद हो जाने की स्थिति में संबंधित संस्था प्रमुख जवाबदेह होंगे। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर शैक्षणिक वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के लिये यह कार्रवाई की जानी है।