ग्वालियर। शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन की विशेष मुहिम जारी है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने शहर से सटे ग्राम जारगा में स्थित बेशकीमती लगभग 0.1880 हैक्टेयर सरकारी जमीन से मशीनों की मदद से बेजा कब्जे हटवाए। अतिक्रमण से मुक्त कराई इस सरकारी जमीन की कीमत लगभग 01 करोड़ 32 लाख रुपए आंकी गई है।
एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने बताया कि ग्वालियर नगर निगम के वार्ड क्र.-61 के अंतर्गत राजस्व ग्राम जारगा के सर्वे क्र.-724 में स्थित 0.1880 हैक्टेयर सरकारी जमीन पर भूपेन्द्र सिंह द्वारा अवैध रूप से गेट बना लिया गया था। साथ ही महावीर गुर्जर व जयेन्द्र सिंह गुर्जर द्वारा भी बेजा कब्जा कर लिया गया था। मंगलवार को राजस्व, पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और मशीनों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए।
इस कार्रवाई में एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह, तहसीलदार सिटी सेंटर कुलदीप दुबे, राजस्व निरीक्षक रवि करैया सहित संबंधित थाने की पुलिस व नगर निगम का मदाखलत दस्ता शामिल रहा।
