ग्वालियर । महानगर में स्थापित सभी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को आज एक बैठक का आयोजन ‘चेम्बर भवन’ में किया गया। इस “औद्योगिक समस्याओं के एकल स्थल समाधान” बैठक में महाप्रबंधक, एमपीआईडीसी अमन कुमार, नगर-निगम राकेश कश्यप, प्रबंधक डीआईसी अल्ताफ रजा सहित मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कं. के महाप्रबंधक संदीप कालरा आदि अधिकारीगण मौजूद थे।
बैठक के प्रारम्भ में अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि चेम्बर की स्थापना जब वर्ष-1906 में की गई थी, उसके पीछे उद्देश्य ही यह था कि व्यापारी बगैर किसी समस्या के अपना व्यापार करे और उद्योगपति अपना पूरा फोकस उद्योग को चलाने में लगाए तथा एक ऐसा संघठन बने जो कि उद्यमियों और सरकार के मध्य सेतु का कार्य करें । उसी उद्देश्य से हमारे द्वारा सर्व विभागीय एकल स्थल बैठक प्रारम्भ की गई है, जिसकी पिछली बैठक में यहाँ उपस्थित उद्योगपतियों ने अपनी-अपनी समस्याएँ बताई गई थी, जिन्हें संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा चेम्बर द्वारा नोटडाउन किया था । उन्होंने कहा कि सर्वविभागीय बैठक की आवश्यकता इसलिए पड़ी ताकि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सके । चेम्बर अध्यक्ष ने इस अवसर पर सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त ऐसी समस्याएँ जो कि पूर्व की बैठक में प्रस्तुत की गई थी, उन्हें सिलसिलेवार प्रमुखता के साथ अधिकारियों के ध्यानार्थ प्रस्तुत किया। उन्होंने तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के पास नवनिर्मित आरओबी के नीचे बने नाले का मिलान अभी तक नहीं होने की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर इसका मिलान शीघ्र नहीं किया गया, तो बारिश के सीजन में काफी समस्या उत्पन्न होगी । इसलिए इस समस्या पर आगामी बैठक से पूर्व कार्यवाही होनी चाहिए । साथ ही, उन्होंने आशा व्यक्त की कि पिछली बैठक में जो समस्याएँ आई थी, मुझे विश्वास है कि उनमें से अधिकांश समस्याओं का समाधान हो चुका होगा और अभी यहाँ मौजूद विभागीय अधिकारीगण इसके संबंध में अवगत कराएँगे।
उद्योगों की समस्याओं पर प्रत्येक माह होने वाली दूसरी बैठक
बैठक का संचालन कर रहे, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं पर यह बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी और इसी श्रृंखला में आज यह दूसरी बैठक आयोजित की गई है । हमारी टीम द्वारा सबसे पहले औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के निदान के लिए ‘पड़ाव चेम्बर’ की शुरूआत की गई थी, जिसके तहत प्रत्येक औद्योगिक क्षेत्र में पहुँचकर, संबंधित विभाग प्रमुख एवं उस क्षेत्र के उद्योगपतियों के साथ बैठकें आयोजित की गई थीं।
इस अवसर पर महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारी संजय कपूर ने कहा कि पिछली बैठक में हमने जो सुझाव दिए थे, समस्याएँ कुछ उससे ज्यादा भी थी। कपूर ने कहा नगर- निगम से अतिक्रमण तथा खण्डे के ट्रेक्टर जो विगत काफी वर्षों से खड़े हो रहे हैं, उन्हें महाराजपुरा पुलिस थाना के पास क्यों नहीं रोका जा सकता है, क्योंकि महाराजपुरा थाना के पास काफी खुला क्षेत्र हैं। परन्तु यह ट्रेक्टर ट्राली औद्योगिक क्षेत्र में आकर प्रतिदिन खड़ी हो रहीं हैं और पूरे औद्योगिक क्षेत्र में आने वाली गाड़ियों को आने में परेशानी की वजह बनते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इण्डस्ट्रियल एरिया में आने वाली गाड़ियों से कुछ गुण्डातत्व के लोग पैसे वसूल करके अवैध रसीद काट रहे हैं, जो एक गंभीर समस्या है। दिन के समय में महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में गाड़ियों का आवागमन पूर्व की भांति किए जाने के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों की पेच रिपेयरिंग व उसके बाद भोपाल से धनराशि स्वीकृत होने पर सड़कों के डामरीकरण कराने की बात रखी।
इसी के साथ बैठक में उपस्थित तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक प्रेमी, बाराघाटा औद्योगिक क्षेत्र से सोबरन सिंह तोमर एवं गिरबाई उद्योग नगरी से पधारे प्रतिनिधियों ने अपने- अपने क्षेत्र में सीवर लाईन की समस्या सहित नियमित रूप से सफाई व कचड़ा नहीं उठने, बाउण्ड्री वॉल का निर्माण आदि की माँग को प्रमुखता के साथ प्रस्तुत किया।
बैठक में उपाध्यक्षडॉ. राकेश अग्रवाल सहित उद्योगपति आदेश बंसल, अनिल माहेश्वरी, मीनाक्षी गर्ग, विनोद गर्ग, शैलेन्द्र गर्ग, दिनेश गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, सुशील मित्तल, तरुण सिंघल, गोपाल गोयल, संजय धवन, सुरेश बतवानी, अनिल दुबे, शैलेन्द्र गोयल, रवि हरिलालका, राजेन्द्र तलूजा, आदित्य ओझा व उदय गुप्ता आदि उपस्थित थे । बैठक के अंत में आभार कोषाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल द्वारा व्यक्त किया गया।गया।
