ग्वालियर। संकल्प से समाधान” अभियान के तहत ग्वालियर जिले में भी विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य हासिल करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप व्यापक स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जा रहा है। साथ ही समस्याओं का निराकरण भी हो रहा है। अभियान के द्वितीय चरण में विकासखंड भितरवार के अंतर्गत 82 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा चुके हैं । इन शिविरों में कुल 7815 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से अधिकांश का निराकरण भी किया जा चुका है।
इसी तरह विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत 48 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर 6046 आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें से भी अधिकांश आवेदन निराकृत हो गए हैं। संकल्प से समाधान अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहरी क्षेत्र में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के नोडल अधिकारी का दायित्व तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, बीईओ जोनल अधिकारी आदि को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा है।
अभियान के तृतीय चरण में 16 से 26 मार्च तक विकासखण्ड स्तर पर और चतुर्थ चरण में 26 मार्च से 31 मार्च के बीच जिला स्तर पर शिविर लगाए जाने हैं। शिविर में भाग लेने के लिए पोर्टल पर आम नागरिक शिविर के पूर्व अपनी सुविधानुसार शिविर रोस्टर से शिविर का चयन कर अपना आवेदन पोर्टल पर दर्ज कर पंजीयन कर सकते हैं।
