राजनीति

मुख्यमंत्री यादव के मुख्य आतिथ्य में 13 मार्च को घाटीगाँव में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन, कलेक्टर एवं एसएसपी ने विधायक राठौर के साथ लिया तैयारियों का जायजा

जिले के घाटीगाँव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में राज्य स्तरीय भव्य सम्मेलन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आतिथ्य में घाटीगाँव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में 13 मार्च को आयोजित होने जा रहे लाड़ली बहना सम्मेलन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही हैलीपेड का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह राठौर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह , जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत , एडीएम सीबी प्रसाद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर व  जयराज कुवेर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ऐसी व्यवस्था रहे जिससे पार्किंग स्थल से लाड़ली बहनाओं सहित सुविधाजनक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित सेक्टर में पहुँच सकें। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव वायुमार्ग से 13 मार्च को दोपहर राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। यहाँ से हेलीकॉप्टर द्वारा घाटीगाँव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में बनाये गए हेलीपेड पर पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री यहाँ स्थित देवनारायण मंदिर एवं कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित शबरी माता मंदिर में भी प्रदेश की खुशहाली के लिए पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद हेलीकाप्टर द्वारा वापस विमानतल पहुँचकर वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।