ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केन्द्रीय जेल में बंदी महिलाओं के लिये कौशल उन्नयन प्रशिक्षण शुरू हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन माह तक अर्थात 7 जून तक चलाया जायेगा। मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के तहत केन्द्रीय जेल की बंदी महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्रशिक्षण के तहत महिला को बेसिक सिलाई एवं रेडीमेड गारमेंट तैयार करने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
प्रशिक्षण में कुल 29 महिला बंदियों को शामिल किया गया है। यह प्रशिक्षण महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेडमैप संस्था के सहयोग से दिया जा रहा है। इसके लिए सिलाई सिखाने वाले मास्टर ट्रेनर और समस्त सामग्री सेडमेप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण का खर्च विभाग द्वारा वहन किया जायेगा। प्रशिक्षण के प्रारंभिक सत्र में केंद्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक अनिरुद्ध नरवरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय, जेलर राम गोपाल पाल, सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक, सेडमेप से शिवराम दोहरी एवं जेल का स्टाफ उपस्थित था।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास उपासना राय ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के बाद के जीवन के लिए उपयोगी साबित होगा। जेल से रिहाई के बाद भविष्य में महिलायें अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगीं। केन्द्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक नरवरिया ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से गंभीरता से इस प्रशिक्षण का लाभ लेने की बात कही। सहायक संचालक राहुल पाठक ने मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के तहत कठिन परिस्थितियों में रहने वाली महिलाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण और कोर्स कराए जाते हैं जिससे महिलायें अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। प्रशिक्षण सत्र में जेल की महिला बंदियों द्वारा नृत्य, गीत, कविता आदि के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
महिला दिवस पर महिला सफाई मित्रों का किया सम्मान, कोटेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में समग्र-सफाई अभियान चलाया
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर धार्मिक स्थल 'कोटेश्वर महादेव मंदिर' प्रांगण में समग्र साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी महिला सफाई मित्रों का सम्मान किया साथ ही स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति का सम्मान करते हुए स्वच्छता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। महिलाओं ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार वे अपने घर की स्वच्छता का ध्यान रखती हैं, उसी प्रकार शहर की स्वच्छता में भी अपनी अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
साथ ही सभी को स्वच्छता अपनाने और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्र, ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनें, IEC सदस्य की महिलाएँ सहित HO, AHO, WHO तथा वार्ड 10, वार्ड 4 और वार्ड 3 के अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्थानीय नागरिकों ने इस स्वच्छता अभियान की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे स्वच्छता कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।की।
