राजनीति

डबल इंजन की सरकार में बहनों को मिल रही हैं डबल खुशियां ; मुख्यमंत्री ने कहा-शबरी माता और भगवान देवनारायण धाम धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे

मुख्यमंत्री ने बहनों को दी लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त, ग्वालियर जिले को मिली 122 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने आरोन-पाटई उद्वहन सिंचाई परियोजना की घोषणा, भितरवार पीएचसी बनेगा सिविल अस्पताल, घाटीगांव उप स्वास्थ्य केंद्र का होगा पीएचसी में उन्नयन, भितरवार और घाटीगांव में खुलेंगे आईटीआई केंद्र, घाटीगांव, चीनोर और करहिया में स्थापित होंगे सांदीपनि विद्यालय


ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की बहनें आत्मनिर्भरता एवं स्वावलम्बन के मामले में पूरे देश के लिए उदाहरण बन रही हैं। आज प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां कार्यरत हैं। हम महिला उद्यमियों को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारी बहनें अब फैक्ट्रियों और उद्योगों का नेतृत्व कर रही हैं। प्रदेश के 47 प्रतिशत नए स्टार्टअप का नेतृत्व अब बहनों के हाथों में है। हम सभी बहनों के कल्याण और इनके सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में आगे बढ़ रहे हैं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए यहां की बहनों को लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना के रूप में डबल खुशियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री  यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले में घाटीगांव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत आयोजित हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री यादव एवं केन्द्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित मातृ शक्ति पर पुष्पवर्षा कर आदर से नमन किया। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री यादव का ग़जमाला से सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खासतौर पर महिला हितग्राहियों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र, स्व सहायता समूह के चेक एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति व मुद्रा योजना के तहत आर्थिक गतिविधि स्थापित करने के लिये चैक सौंपे। 
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्षा दुर्गेश जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका घुरैया, पूर्व मंत्री इमरती देवी, प्रदेश भाजपा मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेमसिंह राजपूत, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र यादव व पूर्व विधायक  जवाहर सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत बड़ी से बड़ी कठिन परिस्थिति से निपटने तैयार है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसमें प्रदेश की बहन-बेटियां भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि से पहले आज बहनों को 1500 रुपए की सौगात मिल रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को प्रोत्साहन राशि की 34वीं किश्त वितरित की। उन्होंने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 27 हजार से अधिक बहनों के खाते में 1 हजार 836 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। इनमें ग्वालियर जिले की 3 लाख 16 हजार से अधिक लाड़ली बहनें भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश की हर लाड़ली बहन के खाते में हर महीने 1500-1500 रुपये भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना की 33 किश्तों के रूप में अब तक 52 हजार 305 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि बहनों को दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सभी लाड़ली बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे हर महीने मिलने वाली इस प्रोत्साहन राशि से अपनी बेहतरी के लिए कोई भी रुचिकर काम-धंधा शुरु करें और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में योगदान दें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्वालियर जिलेवासियों को भी 121 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत वाले 54 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सिंगल क्लिक से लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें कुलैथ घाटीगांव में शासकीय सांदीपनि विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी शामिल है।

ग्वालियर प्रदेश का गौरव है, यहां विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर मध्यप्रदेश का गौरव है। ये धरती शक्ति के आशीर्वाद से सिंचित है और शक्ति की उपासना से ही हमारा संसार सुरक्षित है। उन्होंने कहा  ग्वालियर- चंबल क्षेत्र मध्यप्रदेश के साथ देश की इकॉनामी डेवलपमेंट में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। कभी बीहड़ों के लिए मशहूर रहा यह क्षेत्र हमारी सरकार के प्रयासों से आज औद्योगिक गतिविधियों का नया मानचित्र और प्रगति की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर जिले को आज करीब 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक ग्वालियर में 220 औद्योगिक ईकाईयों के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है। यहां 12 हजार 500 करोड़ के निवेश से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और लोगों की जिंदगी बदलेगी। मुरैना जिले के सीतापुर में फुटवियर क्लस्टर का निर्माण किया जा रहा है। मुरैना में हाइड्रोजन निर्माण के लिए नया कारखाना लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी के कूनो नेशनल पार्क में चीता अपना कुनबा बढ़ा रहा है। माधव नेशनल पार्क अब टाइगर, घड़ियाल और कछुआ के लिए पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने सौगातों का पिटारा खोला:बड़ी घोषणाएं की 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौगातों का पिटारा खोलकर इस क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने भितरवार विधानसभा क्षेत्र में आरोन-पाटई उद्वहन सिंचाई परियोजना को मंजूरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 120 करोड़ रुपए की यह परियोजना क्षेत्र के किसानों का जीवन खुशहाल कर देगी। मुख्यमंत्री यादव ने केन्द्रीय मंत्री सिंधिया व क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर की मांग पर घाटीगांव सहित चीनौर और करहिया में भी सांदीपनि विद्यालय खोले जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भितरवार पीएचसी को सिविल अस्पताल बनाया जायेगा। घाटीगांव के उप-स्वास्थ्य केंद्र को भी उन्नत कर पीएचसी बनाया जायेगा। भितरवार और घाटीगांव में युवाओं के कौशल विकास के लिए आईटीआई केंद्र की स्थापना करेंगे। घाटीगांव में देवी शबरी माता का भव्य मंदिर और शबरी धाम निर्माण के लिए भूमि का सर्वे कराया जाएगा।  देवनारायण धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।

प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है: सिंधिया

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भितरवार को माता शबरी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। लाडली बहनों को आज योजना की 34वीं किश्त सीधे बैंक खाते में मिल रही है। पीएम मोदी ने विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया है। भारत अब आजादी के अमृतकाल से आगे शताब्दी काल की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश की लाडली बहनों को आगामी वर्षों में प्रति माह 3000 रूपए तक दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत गरीब एवं जरूरतमंद परिवार की बेटियों का निशुल्क विवाह कराया जा रहा है। पीएम मोदी ने देश की 10 करोड़ बहनों के घरों में रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाया हैं। भितरवार की जनता को शिक्षा, सड़क एवं रेललाइन की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यादव हमेशा विकास कार्यों की सौगातें देकर जाते हैं। उन्होंने आज लाडली बहना योजना की राशि करने के साथ-साथ इस क्षेत्र को लगभग 122 करोड़ रुपए की सौगातें दी हैं।