अपना शहर

KRG कॉलेज का वार्षिक उत्सव ; नवीन सभागार के लोकार्पण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा- शिक्षा का मनुष्य के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है

वार्षिक उत्सव के पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथियों ने विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय कार्य करने पर छात्राओं को सम्मानित किया

ग्वालियर। विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि शिक्षा का जीवन में उतना ही महत्व है जितना मनुष्य के शरीर में रीढ़ की हड्डी का होता है। तोमर बुधवार 11 मार्च को केआरजी कॉलेज में वार्षिक उत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज में नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण भी किया।

केआरजी कॉलेज के वार्षिक उत्सव समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष जय प्रकाश राजौरिया, राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्व विद्यालय की स्मृति सहस्त्रबुद्धे, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव, जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी, पूर्व अध्यक्ष मीना संचान सहित जन प्रतिनिधि, पूर्व प्राचार्यगण एवं बड़ी संख्या में छात्रायें उपस्थित थी। विधानसभा अध्यक्ष   तोमर ने कहा कि केआरजी कॉलेज ग्वालियर-चंबल अंचल का ही नहीं बल्कि संपूर्ण देश का अव्वल कॉलेज है। यहां की छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेशों की सरकार ने भी महिला शिक्षा के लिए अनेक सार्थक प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई शिक्षा नीति दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने छात्राओं से कहा कि जीवन में शिक्षा बहुत जरूरी है लेकिन हमें अपनी संस्कृति,अध्यात्म पर भी गर्व करना चाहिए। 

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश का अमृत काल में वर्ष 2047 युवाओं के हाथ में होगा। महिला शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। आज महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया, उन्होंने महाविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन भी किया।

कॉलेज के वार्षिक उत्सव का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं अन्य अतिथियों ने महाविद्यालय की छात्राओं को विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय कार्य करने पर सम्मान भी किया। इस मौके पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये।किये।