ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी को लेकर अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ ही आईईसी टीम के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की तथा स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, नोडल एसबीएम सहित सभी स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल वार्ड हेल्थ ऑफिसर एवं आईईसी टीम उपस्थित रही।
बाल भवन स्थित नवीन टीएलसी भवन में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से सभी घटकों पर बिंदुवार चर्चा की गई, जिसमें जमीनी स्तर पर की कार्यवाही को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिसमें सभी घरों में डोर टू डोर की कचरा संग्रहण वाहन रूट के अनुसार जाकर कचरा संग्रहण पृथक रूप से परिवहन तथा प्रसंस्करण हेतु प्रसंस्करण स्थल पर भिजवाया जाना सुनिश्चित करे। सभी शौचालयों, बाजारों फुटपाथ एवं बैकलेन की सफाई, तय सीमा में सेफ्टी टेंक की सफाई (तीन साल में एक बार अधिकृत ऑपरेटर के द्वारा ही कराया जाना सुनिश्चित करें। शहर के सभी वार्डों से कचरे को पूर्ण रूप से संग्रहण करना तथा सफाई आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
निगमायुक्त के आदेश पर कार्य में लापरवाही बरतने पर छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कारण बताओ नोटिस जारी
निगमायुक्त के आदेश पर कार्य में लापरवाही बरतने पर छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कारण बताओ नोटिस जारी किये गए हैं। दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नोडल अधिकारी मदाखलत एवं एबीसी सेंटर केशव चौहान, प्रभारी सहायक यंत्री जनकार्य विभाग क्षेत्रीय कार्यालय क्र.-22 उपयंत्री रजनीश गुप्ता, कार्यरत क्षेत्राधिकारी उपयंत्री उत्पल सिंह भदौरिया, राजस्व निरीक्षक सम्पत्तिकर विभाग संगम अग्रवाल, प्रभारी मदाखलत अधिकारी ग्वालियर पूर्व विधानसभा सतेन्द्र भदौरिया, उद्यान पर्यवेक्षक पार्क विभाग दिनेश कुशवाह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेशानुसार नोडल अधिकारी मदाखलत एवं एबीसी सेंटर केशव चौहान द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त शिकायतें जिसमें अस्थाई अतिक्रमण की 26, आवारा पशु प्रबंधक की 47 एवं आवारा श्वानों की 244 शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर, प्रभारी सहायक यंत्री जनकार्य विभाग क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 22 उपयंत्री रजनीश गुप्ता द्वारा सड़क निर्माण कार्य का अनुबंध के बाद कार्यादेश जारी नही करने एवं सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त शिकायतों अटेंड नहीं करने पर एवं कार्यरत क्षेत्राधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय 22 उपयंत्री उत्पल सिंह भदौरिया द्वारा सड़क निर्माण कार्य का अनुबंध के उपरां त कार्यादेश जारी नही करने पर, राजस्व निरीक्षक सम्पत्तिकर विभाग संगम अग्रवाल द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त शिकायतों को अटेंड नहीं करने पर और प्रभारी मदाखलत अधिकारी ग्वालियर पूर्व विधानसभा सतेन्द्र भदौरिया द्वारा सीएम हेल्प लाइन पर प्राप्त शिकायतों जिसमें अस्थाई अतिक्रमा की 28, आवारा पशु की 26 एवं आवारा श्वान की 108 शिकायतों का निराकरण नहीं कराने पर एवं उद्यान पर्यवेक्षक पार्क विभाग दिनेश कुशवाह द्वारा क्षेत्राअंतर्गत भ्रमण कर असुरक्षित पेडों की समय समय पर कटाई एवं छटाई नहीं करने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गए हैं ।
