राजनीति

प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री व प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं नारायण सिंह कुशवाह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं

इधर कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 135 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई, मदद की उम्मीद लेकर कलेक्ट्रेट में पहुँचे लोगों को सहायता भी उपलब्ध कराई गई

ग्वालियर/ भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं नारायण सिंह कुशवाह ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याओं एवं सुझावों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों में विभाग की कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं  नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। आमजन की जनसमस्याओं का समाधान और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 135 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई, मदद की उम्मीद लेकर पहुँचे लोगों को सहायता भी उपलब्ध कराई 

इधर ग्वालियर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 135 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर रुचिका चौहान, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मदद की उम्मीद लेकर पहुँचे लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई। जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए हैं।

 नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। जन-सुनवाई में कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 75 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 60 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।गए।