ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में 13 नवम्बर शुक्रवार को विशाल पशु-पालक सम्मेलन सह पशु मेला का आयोजन होगा। प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में यह सम्मेलन उन्नत पशु-पालन एवं कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है। भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण परंपराओं के अनुरूप कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ व घुड़दौड़ जैसे आयोजन इस सम्मेलन को उत्सव का स्वरूप प्रदान करेंगे। साथ ही उन्नत पशुपालन पर केन्द्रित प्रदर्शनी एवं उत्कृष्ट नस्लों के गौवंश व भैंसवंशी पशुओं का मेला भी मुख्य आकर्षण होंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो के माध्यम से किसानों का अभिवादन करते हुए अपरान्ह लगभग 3 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुँचेंगे। इसके बाद पशु मेला व प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। वे कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर पशुपालक सम्मेलन व पशु मेला का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में मौजूद पशु-पालकों व किसानों का आत्मीय स्वागत करेंगे। कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव विशाल पशुपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे हितग्राहियों को लाभ का वितरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पशुपालक सम्मेलन में भाग लेने आए कृषकों के साथ सह-भोज में भी शामिल होंगे।
संभागीय आयुक्त, आईजी, कलेक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
गुरुवार को संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान व एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कुलैथ पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। सभी अधिकारियों ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, पशु-पालकों व किसानों की बैठक व्यवस्था, बैलगाड़ी दौड़ व घोड़ा दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया। संभागीय आयुक्त खत्री ने व्यवस्था से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे पशुपालकों व किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
13 नवम्बर को ग्वालियर व शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेगें मुख्यमंत्री, विशाल पशु-पालकों और लाड़ली बहना सम्मेलन में करेंगे शिरकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवम्बर को ग्वालियर संभाग के शिवपुरी व ग्वालियर जिले के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. यादव इस दौरान शिवपुरी जिले के पिछोर में लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरण कार्यक्रम एवं ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेला में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव 13 नवम्बर को दोपहर लगभग 12.20 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे में पहुँचेंगे।
मुख्यमंत्री यहाँ पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की 01 करोड़ 24 लाख 81 हजार बहनाओं के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वी किस्त के रूप में 1831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की धनराशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित करेंगे। साथ ही 221 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हैलीकॉप्टर से अपरान्ह में लगभग 2.45 बजे कुलैथ पहुँचेंगे और यहाँ आयोजित विशाल पशु-पालकों सम्मेलन सह पशु मेला में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री अपरान्ह 4.30 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुँचेंगे और यहाँ से थोड़ी देर के बाद राजकीय विमान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
