कुलैथ में विशाल पशु-पालक सम्मेलन एवं पशु मेले में मुख्यमंत्री ने कन्हैया लोकगीत व बैलगाड़ी दौड़ का लिया आनंद, प्रदर्शनी भी देखी, उन्होनें कुलैथ स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए ₹51 लाख देने का ऐलान किया, कुलैथ क्षेत्र के तीन गाँवों के लिये सड़कों सहित अन्य विकास कार्यों की भी उन्होनें घोषणा की, इस सम्मेलन में सामाजिक पेंशन योजना के 34 लाख हितग्राहियों के खातों में अंतरित की 207 करोड़ की राशि
ग्वालियर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सड़क, बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं का अपना महत्व है। लेकिन किसानों की समृद्धि सबसे ऊपर है। खेती-किसानी ही हमारी ग्रामीण अर्थ-व्यवस्था का आधार है। खेती का मतलब खाद्यान्न उत्पादन और किसानी का मतलब पशु-पालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी इत्यादि है। इस बात को ध्यान में रख सरकार किसानों की समृद्धि के लिये खेती के साथ-साथ उन्नत पशुपालन व दुग्ध उत्पादन को विशेष बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनायेंगे। इसी उद्देश्य से किसानों को अनुदान पर उन्नत नस्ल के दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा सरकार आईबीएफ पद्धति से उन्नत नस्ल की 01 लाख बछिया तैयार कर प्रदेश के किसानों को उपलब्ध करायेगी। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों के घर में खुशहाली व समृद्धि आयेगी। सरकार साँची दूध ब्राण्ड को भी पूरा प्रोत्साहन देगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित हुए विशाल पशु-पालकों सम्मेलन एवं पशु मेले में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों व पशु-पालकों को संबोधित कर रहे थे। ग्वालियर जिले में स्थित भगवान जगन्नाथ की पुण्य भूमि कुलैथ में हुए इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री यादव ने “मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना” के तहत प्रदेश के 7 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में 175 करोड़ रुपए और “मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना” के तहत 34 लाख हितग्राहियों के खातों में 207 करोड़ रुपए की पेंशन राशि अंतरित की। साथ ही कुलैथ क्षेत्र के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन के दौरान कुलैथ में आयोजित अद्भुत पशु-पालक सम्मेलन व पशु मेला की सराहना की। उन्होंने कहा मेले में उन्नत नस्ल के दुधारू पशु जिनमें देशी नस्ल के साथ हरियाणा, मुर्रा व शाहीवाल जैसे भैंस व गौवंश शामिल है। इस मौके पर उन्होंने कन्हैया लोकगीतों व बैलगाड़ी दौड़ का आनंद भी लिया। साथ ही किसानों को उन्नत पशुपालन व कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिये लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने की कड़ी में प्रदेश के सभी जिलों में “वृंदावन ग्रामों” की स्थापना की है। इन ग्रामों में हाल ही में दुधारू पशुपालकों के लिये “गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना” में प्रतियोगिता कराई गई। खुशी की बात है ग्वालियर जिले के टेकनपुर निवासी पशु-पालकों रामवीर सिंह की गाय को प्रतिदिन औसतन 14 लिटर से अधिक दूध देने के लिये ₹01 लाख का नगद पुरस्कार दिया गया है। इसी तरह किसान क्विज के विजेता रहे प्रत्येक जिले के 3–3 किसानों को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रेक्टर, द्वितीय पुरस्कार में बुलेट बाइक और तृतीय पुरस्कार में स्कूटी प्रदान की गई हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए गए है। इन प्रयासों के जरिए हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
गौ-संरक्षण के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गौमाता को निराश्रित नहीं रहने दिया जायेगा। गौ संरक्षण के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने ग्वालियर की लाल टिपारा आदर्श गौशाला का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी तर्ज पर इंदौर, जबलपुर, भोपाल व उज्जैन में 10 – 10 हजार की क्षमता वाली गौशालायें सरकार द्वारा स्थापित की गई हैं। इसके अलावा हर जिले में सरकार द्वारा गौशालायें स्थापित कराई जा रही हैं।
जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए देने की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा की। जिनमें कुलैथ स्थित ख्यात पवित्र स्थल जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए की घोषणा शामिल है। मुख्यमंत्री यादव द्वारा ग्राम पंचायत मेहदपुर में महेश्वरा से आगरा भटपुरा तक लगभग एक Km सड़क, महेश्वरा से काली माता मंदिर तक लगभग डेढ़ km लंबी सड़क, ग्राम पंचायत तिलघना में प्रसिद्ध लंका वाले हनुमानजी महाराज मंदिर पर जाने के लिये सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्य एवं ग्राम सिगौरा में साडा रोड से सिगौरा तक सड़क बनवाने की घोषणा की गई। उन्होंने इस मौके पर कुलैथ क्षेत्र के लिये अन्य विकास कार्यों की घोषणा भी की। जिसमें गाँव में एक सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता पुरस्कार के लिये ग्वालियर को दी बधाई: कहा- 27 में से 9 पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिले हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार मिलने के लिये ग्वालियर जिले के नागरिकों को बधाई दी है। साथ ही कहा कि हाल ही में हुए इस सर्वेक्षण में देश स्तर पर दिए गए 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश को 9 पुरस्कार मिले हैं। जिनमें मध्य-प्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, रीवा, सागर, बुधनी, देपालपुर सहित कुल 9 शहर शामिल हैं।
आधुनिक खेती में भी ग्वालियर जिला अग्रणी भूमिका में है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर जिला आधुनिक खेती व फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। जिले में 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हो रही हैं। ग्वालियर जिले में टिश्यू कल्चर पद्धति से आलू उत्पादन करने की दिशा में उल्लेखनीय काम हो रहा है। जिले के 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशु-पालक 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं। दुग्ध उत्पादन में भी ग्वालियर क्षेत्र अग्रणी है। लगभग 605 मीट्रिक टन दूध उत्पादन यहाँ हो रहा है। ग्वालियर क्षेत्र अब सिर्फ गजक ही नहीं, आलू और मिलेट्स उत्पादन में भी अपनी पहचान विशिष्ट बना रहा है।
खेती के साथ पशु-पालन को बढ़ावा देने के लिये लगातार प्रयासरत हैं मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार किसान हितैषी है
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेती के साथ-साथ पशु-पालन को बढ़ावा देने के लिये लगातार प्रयासरत हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसान हितैषी योजनायें लागू की हैं। साथ ही उद्यानिकी को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ग्वालियर के प्रति विशेष स्नेह है। इसका फायदा ग्वालियर क्षेत्र को मिल रहा है। पीएम नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में बखूबी ढंग से मूर्तरूप दे रहे हैं। उन्होनें कहा कि डॉ. यादव के प्रयासों से ग्वालियर में वेस्टर्न बाइ-पास का निर्माण तेजी के साथ हो रहा है। साथ ही अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं। स्वागत उदबोधन भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवराज यादव ने दिया। उन्होंने किसान व युवाओं के कल्याण एवं ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में इन जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, विधायक मोहन सिंह राठौर, महेन्द्र सिंह यादव, केशव सिंह बघेल, कौशल शर्मा, जिला पंचायत की अध्यक्ष, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष, प्रदेश भाजपा मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह , पूर्व मंत्री इमरती देवी, ग्रामीण जिला महामंत्री अनीता खेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।
