प्रदेश के 9 शहरों ने देश में अपना विशिष्ट स्थान बनाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है, स्वच्छता के कार्य में लगे यह स्वच्छता दूतों और कर्मियों ने अपनी लगन और अथक परिश्रम के साथ निरंतर कार्य कर प्रदेश को यह गौरव दिलाया है, मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिये प्रदेश के सभी निवासियों को बधाई दी
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता के मामले में प्रदेश के 9 शहरों ने देश में अपना विशिष्ट स्थान बनाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के लिये प्रदेश के सभी निवासियों को बधाई। विशेष तौर से स्वच्छता के कार्य में लगे स्वच्छता कर्मी जिन्होंने लगन और अथक परिश्रम के साथ निरंतर कार्य कर प्रदेश को यह गौरव दिलाया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी का प्रतिष्ठित अवार्ड अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक सफलता के अवसर पर कृषि विवि के दत्तोपंथ ठेंगड़ी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह बात कही। कार्यक्रम में ग्वालियर के समर्पित स्वच्छता दूतों और स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, महापौर शोभा सिकरवार, नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, सफाई मित्र मोहन पुत्र लालाराम, भोला पुत्र रमेश, संगीता/सिकंदर, पदमा/रतन सहित सफाई संरक्षक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर को पूरी दुनिया में संगीत नगरी के रूप में एक खास पहचान हासिल है, लेकिन अब यह शहर अपनी स्वच्छता के बलबूते स्वच्छ नगरी के नाम से भी जाना जाएगा।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ग्वालियर को यह गौरवशाली परिणाम और सफलता स्वच्छता कर्मचारियों की असीम मेहनत, लगन और निष्ठा के कारण ही प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री यादव ने देश में स्वच्छता अभियान के सफर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने जब लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता का आह्वान किया था, तब उनकी वह दूरदृष्टि आज पूरी तरह सच साबित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम भले ही विकास के कितने भी आयाम क्यों न छू लें, लेकिन यदि स्वच्छता के मामले में पिछड़ जाएंगे, तो देश से दुनिया की दूरी बढ़ जाएगी। जैसे ही प्रधानमंत्री ने स्वयं झाड़ू थामकर इसकी शुरुआत की, पूरे देश ने उनके एक ही आह्वान पर इसे हाथों-हाथ लिया और स्वच्छ भारत मिशन को एक जनआंदोलन बना दिया। इसी का परिणाम है कि आज पूरी दुनिया में भारत का मान- सम्मान और अधिक बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर को स्वच्छता के क्षेत्र में यह बड़ा सम्मान मिलने से न केवल ग्वालियर शहर, बल्कि पूरे चंबल अंचल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
इस आयोजन ने शहरवासियों और स्वच्छता कर्मियों में एक नया उत्साह भर दिया है। उन्होंने ग्वालियर निगम द्वारा स्वच्छता के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की । मुख्यमंत्री ने स्वच्छता में महत्वपूर्ण योगदान देने पर स्वच्छता कर्मियों के बीच जाकर उन-पर पुष्प वर्षा की और उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर में किए गए प्रयासों व नवाचारों पर केन्द्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस फिल्म के माध्यम से ग्वालियर में किए गए नवाचारों और स्वच्छता में समाज की भागीदारी पर केन्द्रित जानकारी प्रस्तुत की गई।
सभापति मनोज तोमर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता में किया जा रहे नवाचार एवं स्वच्छता कर्मियों के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर को स्वच्छता में जो उपलब्धि हासिल हुई है, उसमें शहर के सभी लोगों की सक्रिय भागीदारी शामिल है। आने वाले दिनों में हम सब मिलकर ऐसा प्रयास करेंगे कि ग्वालियर स्वच्छता में देश में अपनी एक अलग पहचान बनाए। अंत में महापौर शोभा सिकरवार ने ग्वालियर को स्वच्छता में प्रतिष्ठित अवार्ड मिलने पर सभी स्वच्छता कर्मियों को बधाई देते हुए उनके योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का उत्साह वर्धन के लिए पधारे मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने किया स्वच्छता मित्रों का सम्मान
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवार्ड मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्वालियर के सभी स्वच्छता मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और प्रतीक स्वरूप 10 स्वच्छता मित्रों का सम्मान मंच से किया। जिसमें ममता/दिलीप, विमला/जगदीश, मीरा/मोहन, सगुन/रामस्वरूप, काजल/महेन्द्र, कमल/भूपेश, विनोद/सुंदर, नवल/अशोक, मनोज/घनष्याम एवं चन्द्रप्रकाश/कालीचरण शामिल हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर एवं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर को भी सम्मानित किया गया।
सामाजिक समरता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सभी जन-प्रतिनिधियों ने स्वच्छता मित्रों के साथ सह-भोज किया
स्वच्छता दूत सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक समरता का एक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वच्छता दूतों के साथ बैठकर भोजन किया और आगे उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, महापौर सभापति तोमर ने भी स्वच्छता मित्रों के साथ बैठकर सहभोज में भागीदारी की।की।
