ग्वालियर। शहर को स्वच्छ और संक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन शहर में कुछ स्थानों पर अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में फेंके जाने के मामले सामने आ रहे हैं। यह स्थिति न केवल स्वच्छता व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर शहर में चिह्नित स्थलों पर खुले में फेंके जा रहे बायोमेडिकल वेस्ट की जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर निगम की टीम द्वारा किए निरीक्षण में वार्ड 45 हॉस्पिटल रोड, गीता कॉलोनी, वार्ड 56 जेएएच अस्पताल परिसर, कैंसर हॉस्पिटल रोड, आमखो, वार्ड 55 गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित लिटिल एंजेल स्कूल के पास तथा वार्ड 3 विनय नगर सेक्टर-1 में गुर्जर नर्सिंग होम के पास सहित विभिन्न स्थानों पर बायो- मेडिकल वेस्ट खुले में पाया गया है।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर मेडिकल वेस्ट के साथ अस्पतालों एवं फार्मेसी से संबंधित बिलों की प्रतियां भी मिली हैं। इससे अपशिष्ट के स्रोत की पहचान करने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कहा कि अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों को मरीजों के उपचार के साथ पर्यावरण एवं आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। मेडिकल वेस्ट को खुले में फेंकना या सामान्य कचरे में मिलाना गंभीर लापरवाही है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के समन्वय से जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*40 चिकित्सा संस्थानों की सूची भेजकर जांच की मांग*
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजे गए पत्र में चिह्नित स्थलों के आसपास संचालित संभावित अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों की 40 संस्थाओं की सूची भी संलग्न की गई है। जिसमें पत्र में सूचीबद्ध संस्थाएं इस प्रकार हैं। अचलेश्वर मल्टी स्पेशियलिटी क्लीनिक, गैलेक्सी मल्टी- स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रियल लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, एडवांस केयर क्लीनिक, ओजस मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, श्री डायग्नोस्टिक सेंटर, जनक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चाण्डक हॉस्पिटल, वैदांश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अचलनाथ हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर, श्री श्याम क्लीनिक, वीनस स्पाइरल सीटी, एमआरआई एंड लाइफ इमेजिंग सेंटर, सिम्स सुपर स्पेशियलिटी क्लीनिक, कार्तिक हॉस्पिटल, कायाकल्प कॉस्मेटिक सेंटर, अरविंदम हॉस्पिटल, एप्पल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, श्री कल्याण न्यूरोस्पाइन क्लीनिक एंड पैथोलॉजी, सूर्या हॉस्पिटल, एसएम हॉस्पिटल, सहयोग हॉस्पिटल, परिवार सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड सेंटर, कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट, सिम्स मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बुंदेलखंड हॉस्पिटल न्यूरो एंड ट्रामा सेंटर, श्री सहारा हॉस्पिटल मल्टी स्पेशियलिटी एवं न्यूरो ट्रामा सेंटर, सुविधा हॉस्पिटल, पी-4 कैंसर हॉस्पिटल,आयुष्मान हॉस्पिटल (न्यूरो ट्रामा सेंटर), बुंदेलखंड मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ट्रामा सेंटर, रामदास हॉस्पिटल एंड न्यूरो ट्रामा सेंटर, लिंक हॉस्पिटल, अरोरा हॉस्पिटल, ऑल्याई हॉस्पिटल, आशीर्वाद मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सर्वोदय हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर, गुर्जर हॉस्पिटल, विनय नगर सेक्टर-1, जेसवाल एडवांस हॉस्पिटल एवं आईवीएफ सेंटर, एंजल मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं केएमजे अशा हॉस्पिटल शामिल है।
*नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई*
पत्र में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 तथा नवीनतम संशोधन 2026 के नियम 7 एवं 8 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित पृथक्करण, संग्रहण, भंडारण एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण करना संबंधित संस्थान की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।है।
