ग्वालियर। धरती आबा भगवान एवं जनजाति नायक बिरसा मुण्डा की 151वी जयंती ग्वालियर जिले में भी हर्षोल्लास के साथ “जनजातीय गौरव दिवस” के रूप में मनाई गई। जिले के आदिवासी बहुल विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में भव्य जिला स्तरीय उत्सव का आयोजन हुआ। सीधे प्रसारण के जरिए एलईडी स्क्रीन से कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने पीएम मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन भी सुना। घाटीगाँव में विधायक मोहन सिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव की अध्यक्षता में “जनजातीय गौरव दिवस” पर आयोजित हुए कार्यक्रम में परंपरागत आदिवासी परिधानों में सजे-धजे जनजाति समुदाय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आदिवासी संस्कृति की छटा बिखरी। इस अवसर पर सरकार की अन्य योजनाओं के तहत जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गईं। कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सदस्य रेनू आदिवासी, ग्राम पंचायत के सरपंच बंटी आदिवासी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, एसडीएम जुही गर्ग, उप आयुक्त जनजाति कल्याण विभाग बृजेश पाण्डेय व जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती धाकड़ उपस्थित थीं। विधायक राठौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने पीएम जन-मन अभियान के माध्यम से आदिवासी समुदाय की समस्याओं का स्थायी समाधान किया है। साथ ही आदिवासी बहुल बस्तियों में तेजी के साथ अधोसंरचनागत विकास भी कराया है। उन्होंने कहा पहले जहाँ जनजाति बहुल बस्तियों में एक - दो मकान पक्के दिखाई देते थे, पर अब पीएम आवास योजना के तहत अभियान बतौर पक्के मकान बन जाने से उन बस्तियों में नाममात्र के कच्चे मकान रह गए हैं। आदिवासी बहुल बस्तियों में पक्की सड़कें, विद्युतीकरण व पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
उन्होनें विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत सहरिया जनजाति बहुल बस्तियों में हुए बड़े-बड़े विकास कार्यों की जानकारी भी दी। जिला पंचायत की अध्यक्ष ने कहा खुशी की बात है कि पीएम नरेन्द्र मोदी की पहल पर भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व समाज सुधारक भगवान बिरसा मुण्डा के नाम से हर साल जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इतना ही नहीं अनसूचित जनजाति वर्ग को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार ने तमाम कल्याणकारी योजनायें शुरू की हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस मौके पर आह्वान किया कि हम सब भगवान बिरसामुण्डा द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने खासतौर पर सहरिया जनजाति समुदाय के लोगों से कहा कि वे अपने बच्चों को पढ़ाने का संकल्प लें। जिला भाजपा अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने जनजाति समाज की भलाई के लिये योजनाबद्ध ढंग से कार्यक्रम लागू किए हैं। जनजाति समुदाय के हर परिवार को सरकार की योजनाओं से संबल मिला है। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, जनजाति कल्याण, एनआरएलएम, महिला बाल विकास, जनजाति कल्याण आदि विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इस अवसर पर टंट्या मामा स्वरोजगार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाड़ली लक्ष्मी, एनआरएलएम, आयुष्मान भारत इत्यादि योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। साथ ही किसानों को उन्नत बीज की नि:शुल्क मिनी किट भी प्रदान की गई। आरंभ में अतिथियों ने भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर घाटीगाँव में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजाति समुदाय के छात्र - छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने परंपरागत आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इसी तरह अन्य आदिवासी बालिकाओं ने भगवान बिरसा मुण्डा एवं आदिवासी संस्कृति से ओतप्रोत मनोहारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी की वाहवाही लूटी।
राज्यपाल पटेल ने जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय परिवार के साथ किया पारंपरिक भोजन, बड़े चाव से लिया जनजातीय व्यंजनों का स्वाद
उधर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनजातीय गौरव दिवस के विशेष अवसर पर जनजातीय कृषक के घर पर परिजनों के साथ सहभोज किया। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर भी उपस्थित रहीं।
राज्यपाल पटेल रविवार को कृषक भूपेंद्र अलावा के विकासखंड डही के ग्राम टिमरिया (स्कूलपुरा) स्थित निवास पर पहुंचे। उनके परिवार के साथ संवाद किया। राज्यपाल और केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने परिवार के सदस्यों के साथ सादगीपूर्ण माहौल में बड़े चाव से पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
राज्यपाल की थाली में परोसे गये पारंपरिक व्यंजन राज्यपाल पटेल को जनजातीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप परोसे गए। देसी भोजन में बाजरे और ज्वार की रोटी, मेथी की भाजी (साग), उड़द की दाल और लहसुन-धनिया की पारंपरिक चटनी (ठेचा) शामिल थी।
