अपना शहर

'बाल दिवस' पर बच्चों ने समझी गोबर से सीबीजी गैस बनने की प्रक्रिया, चेतना शिक्षा मंदिर के छात्रों ने लाल टिपारा आदर्श गौशाला एवं सीबीजी प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण

छात्रों ने स्वामी ऋषभदेव महाराज के सानिध्य में बाल दिवस भी मनाया, आदर्श गौशाला के स्वामी जी ने बच्चों को अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसर गौशाला में मनाने तथा गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया

आदर्श गौशाला में बच्चों ने अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी ली, महाराज जी ने छात्रों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, स्वच्छता के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया


ग्वालियर। बाल दिवस के अवसर पर चेतना शिक्षा मंदिर के छात्र-छात्राओं ने लाल टिपारा स्थित आदर्श गौशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वामी ऋषभदेव महाराज जी के सानिध्य में बाल दिवस मनाया तथा नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्थापित सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट का अवलोकन कर गोबर से गैस बनाने की प्रक्रिया को करीब से समझा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार गौशाला से प्राप्त गोबर का उपयोग कर बायोगैस तैयार की जाती है और किस तरह जैविक अपशिष्ट को उपयोगी ऊर्जा में परिवर्तित किया जा सकता है। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर स्वामी ऋषभदेव महाराज जी ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, स्वच्छता के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा हमेशा नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्लास्टिक की बोतलों के स्थान पर तांबे अथवा स्टील की बोतलों का उपयोग करने की सलाह दी।

MUSE फाउंडेशन की आईईसी टीम के रविन्द्र सिंह द्वारा विद्यार्थियों को 3-R सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। टीम ने Reduce (कम उपयोग), Reuse (पुनः उपयोग) एवं Recycle (पुनर्चक्रण) के महत्व को समझाते हुए पुरानी एवं अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं का दोबारा उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

स्वामी ऋषभदेव महाराज जी ने बच्चों को अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसर गौशाला में मनाने तथा गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

बाल दिवस पर आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ स्वच्छता, गौसेवा, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। यह आयोजन बच्चों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।