टॉप न्यूज़

"ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानों की आवंटन प्रक्रिया जारी"; पोर्टल के जरिए ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगा आवंटन, मेले की तैयारी को लेकर बैठक 18 नवम्बर को

शेष आरक्षित दुकानें अब अनारक्षित श्रेणी में होंगी शामिल , ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा

ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। मेले में अब शेष आरक्षित श्रेणी की दुकानों को अनारक्षित श्रेणी में शामिल कर पोर्टल के माध्यम से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर आवंटित किया जाएगा। आरक्षित दुकानों के लिए कुल 2143 आवेदन पोर्टल पर दर्ज किए गए थे, जिनमें से 1903 दुकानों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिन व्यापारियों को दुकानें आवंटित हो चुकी हैं, उन्हें बीमा एवं अग्निशमन यंत्र की रसीद ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर आधिपत्य पत्र प्राप्त करना होगा।

 ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि आरक्षित दुकानों के आवेदन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर  से शुरू की गई थी। आवेदन की अंतिम तिथि दो बार बढ़ाने के बाद 15 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई थी। अब आरक्षित श्रेणी में शेष बची दुकानों को अनारक्षित श्रेणी में शामिल कर पोर्टल पर पंजीयन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इन दुकानों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।

आवंटित भूखंड का ही करें उपयोग, नियमों का उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना

मेला प्राधिकरण ने आवंटित दुकानदारों से आग्रह किया है कि उन्हें जितना भूखंड आवंटित किया है, उतने ही क्षेत्र का उपयोग करें। विद्युत लाइन के नीचे किसी भी प्रकार का झूला अथवा दुकान नहीं लगाई जाए। भौतिक सत्यापन के दौरान निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। दुकानदारों को बीमा एवं अग्निशमन यंत्र की रसीद ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर आधिपत्य पत्र प्राप्त करना होगा, ताकि विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सके। इसी प्रकार, हॉकर जोन में ठेले एवं फूड स्टॉल लगाने के इच्छुक व्यापारियों को मेला प्राधिकरण कार्यालय में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीयन के ठेला लगाने पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। होटल व्यवसाय एवं खानपान से संबंधित दुकानदारों को विभाग से फूड लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

मेले की तैयारी को लेकर बैठक 18 नवम्बर को

ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित श्रीमंत एम, सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला वर्ष 2026-27 के आयोजन की तैयारियों के संबंध में मेला अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता में 18 नवम्बर को बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक इस दिन मेला प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन के सभागार में शाम 4 बजे होगी। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।