ग्वालियर। स्वर्ण रेखा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने एवं इसकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम की टीमें नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं तथा नदी एवं उसके किनारों पर कचरा फेंककर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नागरिकों को जागरूक कर स्वर्ण रेखा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार स्वर्ण रेखा नदी में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज सोमवार को स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए वार्ड 49 में स्वर्ण रेखा नदी में गंदगी फैलाने पर 1200 रुपये, वार्ड 48 में नदी किनारे कचरा फेंकने पर 500 तथा वार्ड 51 में 950 रुपये का जुर्माना लगाया है।
इसके अतिरिक्त अलग-अलग वार्डों में नदी में एवं उसके आस- पास कचरा फेंकने वाले नागरिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1,500 रुपये सहित अन्य जुर्माना राशि वसूल की गई। इस प्रकार निगम द्वारा कुल 8,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र परमार, जेडएचओ , डब्ल्यूएएचओ राम सिंह, दीपक , श्रीहरि एवं सहायक रवि राणा सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि स्वर्ण रेखा नदी एवं उसके आसपास कचरा न डालें। नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम की कार्रवाई के साथ नागरिकों का सहयोग ही स्वर्ण रेखा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बिना अनुमति वाहन पर विज्ञापन करने पर मुथूट फिनकॉर्प को ₹60 हजार का जुर्माना लगाया, ऑन स्पॉट जुर्माना जमा भी कराया, अवैध प्रचार-प्रसार पर अंकुश लगाने कार्रवाई जारी है
इधर नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में विज्ञापन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा अवैध प्रचार-प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम की विज्ञापन शाखा ने बिना अनुमति वाहन पर विज्ञापन प्रदर्शित करने के मामले में मुथूट फिनकॉर्प पर 60 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। जुर्माना तत्काल जमा भी कराया गया।
नोडल अधिकारी होर्डिंग के अनुसार नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में निरंतर बिना अनुमति विज्ञापन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की विज्ञापन शाखा द्वारा जारी नोटिस के अनुसार निगम की अनुमति के बिना विज्ञापन किया जा रहा था। इसे मध्यप्रदेश आउटडोर मीडिया नियम, 2017 के प्रावधानों के अंतर्गत अवैध विज्ञापन की श्रेणी में मानते हुए कार्रवाई की गई है।
उक्त वाहन पर विज्ञापन का क्षेत्रफल 200 वर्गफुट तथा विज्ञापन की न्यूनतम अवधि 30 दिवस निर्धारित करते हुए 10 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से कुल 60,000 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया है। नगर निगम द्वारा संबंधित संस्था को निर्देशित कर जुर्माना राशि तत्काल निगम कोष में जमा कराई गई है।
नगर निगम का उद्देश्य शहर में विज्ञापन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखना, बिना अनुमति लगाए जाने वाले विज्ञापनों पर रोक लगाना तथा निर्धारित नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करना है। निगम द्वारा स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
