ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न श्रेणियों की दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवम्बर निर्धारित की गई है। अब तक 1,610 दुकानों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 533 दुकानों के लिए आवेदन प्राप्त होना शेष है। व्यापार मेला प्राधिकरण ने संबंधित दुकानदारों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर दुकान आवंटित कराने की अपील की है।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अनुसार ऑटोमोबाइल, झूला, इलेक्ट्रॉनिक्स, पक्की दुकानें, कोठरी, चबूतरा, सी श्रेणी, रेलवे ट्रैक, डी, एनएसटी, एसटी, एक्सपो एवं एएम श्रेणी की दुकानें आरक्षित श्रेणी में रखी गई हैं। इन दुकानों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवम्बर है। निर्धारित तिथि के बाद आरक्षित श्रेणी की शेष दुकानों को अनारक्षित श्रेणी में दर्ज कर दिया जाएगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित श्रेणी में आवेदन करने की अंतिम तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आने पर दुकानदार एमपी ऑनलाइन के आशीष सक्सेना के मोबाइल नंबर 7049923890 पर संपर्क कर समस्या का निराकरण करा सकते हैं। प्राधिकरण ने सभी इच्छुक दुकानदारों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर अपनी दुकान आवंटित कराएं।
