राजनीति

मुख्यमंत्री यादव राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया के निवास 'सेवापथ' पर पहुँचे, पवैया ने पहले उनका आत्मीय स्वागत कर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया, उन्होनें गोवर्धन की पूजा-अर्चना भी की

उधर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविन्द्र सिंह चौहान के निवास पर पहुँचकर मुख्यमंत्री यादव ने उनके पिताजी हेमंत सिंह चौहान के निधन पर शोक संवेदनायें व्यक्त कीं

ग्वालियर। शुक्रवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लिया। ग्राम कुलैथ में पशु-पालक सह किसान सम्मेलन और कृषि विवि में स्वछता दूतों के सम्मान समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ग्वालियर प्रवास के दौरान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के निवास सेवा पथ पर पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके निवास पर गोवर्धन की पूजा-अर्चना की। इससे पहले राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष  जयभान सिंह पवैया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। सेवापथ पर कुछ देर रुकने के पश्चात मुख्यमंत्री भोपाल के लिये रवाना हो गये ।

शोक जताने भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चौहान के घर भी  गए 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं रीवा के जिला संगठन प्रभारी रविन्द्र सिंह चौहान के निवास स्थान पहुँचकर उनके पूज्य पिताजी स्व. श्री हेमंत सिंह चौहान के निधन पर शोक संवेदनायें व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, रविन्द्र सिंह चौहान के गुलमोहर गार्डन भिण्ड रोड स्थित निवास पर पहुँचे और उनके पिता स्व. हेमंत सिंह चौहान की त्रियोदशी में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।