टॉप न्यूज़

"विशेष लोक अदालत 21 नवम्बर को ग्वालियर में भी"; धारा-138 एनआई एक्ट के प्रकरणों का किया जायेगा विशेष रूप से निराकरण, चैक बाउंस एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी राजीनामे से होगा निराकरण

पक्षकारों से विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर प्रकरणों का निराकरण कराने की अपील, लोक अदालत से प्रकरणों का निराकरण कराने पर पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचने का अवसर मिलेगा

ग्वालियर जिले में भी शनिवार 21 नवम्बर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष  ललित किशोर के मार्गदर्शन में आयोजित होने जा रही इस लोक अदालत में धारा-138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के अंतर्गत लंबित चैक बाउंस एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण इस लोक अदलत में विशेष रूप से किया जायेगा। साथ ही संबंधित पक्षकार आपसी राजीनामे के माध्यम से अपने प्रकरणों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण करा सकेंगे। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित होने जा रही इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण कराने पर पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचने का अवसर मिलेगा। इससे समय एवं धन की बचत के साथ ही न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का भार भी कम होगा।

जिला न्यायाधीश विवेक कुमार सिंह ने बताया कि विशेष लोक अदालत के आयोजन के लिए जिला न्यायालय ग्वालियर स्तर पर कुल 6 खंडपीठों का गठन किया है। इसके अलावा तहसील विधिक सेवा समिति डबरा के अंतर्गत 2 तथा तहसील विधिक सेवा समिति भितरवार के अंतर्गत 1 खंडपीठ गठित की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित ऐसे सभी पक्षकारों से अपील की है, जो आपसी राजीनामे के माध्यम से अपने प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराना चाहते हैं, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर अथवा संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर 21 नवम्बर को आयोजित विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं।