ग्वालियर। संगीतधानी ग्वालियर में देश और दुनिया के सर्वाधिक प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय “तानसेन समारोह” का आयोजन 15 से 19 दिसम्बर तक होगा। “तानसेन समारोह” का यह 102वां आयोजन है। हर साल की तरह इस बार भी मुख्य समारोह से एक दिन पहले सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” सभा सजेगी। इसमें देश के ख्याति प्राप्त कलाकार द्वारा भजन व सूफी गायन की प्रस्तुति दी जायेगी।
तैयारियों को लेकर स्थानीय समिति की बैठक 21नवम्बर को
तानसेन समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन के लिये राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा स्थानीय समिति का गठन कर दिया गया है। यह समिति संभागीय आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में गठित की गई है। समारोह की तैयारी के सिलसिले में स्थानीय समिति की बैठक 21 नवम्बर को बुलाई गई है।
इस दिन यह बैठक चंद्रबदनी नाका के समीप संयुक्त राजस्व भवन में द्वितीय तल पर स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में सुबह 11.30 बजे रखी गई है। ज्ञात हो संस्कृति विभाग से संबद्ध उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा हर साल संगीत की नगरी ग्वालियर में अंतराष्ट्रीय तानसेन समारोह का आयोजन किया जाता है।
