ग्वालियर जिले में 22 नवम्बर को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाएगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि जिले में कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता के साथ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घर एवं आसपास के सभी जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियोरोधी खुराक अवश्य पिलाएं। साथ ही अभियान में सहयोग कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अभियान के पहले दिन 22 नवम्बर को अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो बूथ पर ही खुराक पिलाने के विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद 23 एवं 24 नवम्बर को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ पर नहीं पहुंच पाएंगे।
अचानक कमजोरी या लुंजपन दिखाई देने पर तत्काल दें सूचना
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि जन्म से 15 वर्ष तक के किसी भी बच्चे के हाथ-पैर अथवा शरीर के किसी अन्य हिस्से में अचानक लुंजपन या कमजोरी दिखाई दे तो इसकी सूचना लक्षण दिखाई देने के 14 दिवस के भीतर नजदीकी शासकीय अस्पताल, मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ अथवा विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्थानीय कार्यालय को अवश्य दें।
