टॉप न्यूज़

"अवैध निर्माण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई"; जेसीबी से तोड़े निर्माणाधीन भवन के हिस्से, फुटपाथों से हाथ ठेले एवं अतिक्रमण हटाए

रथयात्रा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने दी हिदायत; शहरभर में अवैध झंडी-बैनर भी हटाए, अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है, मरघट रोड, मुरार स्थित निर्माणाधीन भवन पर कार्रवाई की है

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर में अवैध निर्माण, अतिक्रमण एवं अवैध विज्ञापन सामग्री के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम की मदाखलत टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन के अवैध हिस्सों को जेसीबी एवं अन्य उपकरणों की सहायता से हटाया। साथ ही फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने तथा विद्युत खंभों पर लगाए गए अवैध झंडी-बैनर निकालने की कार्रवाई की गई।

सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के निर्देशन में बैंक कॉलोनी, मरघट रोड, मुरार स्थित निर्माणाधीन भवन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान भवन की दीवारों, पिलरों एवं सेंटिंग प्लेटों सहित स्थायी निर्माण के अवैध हिस्सों को जेसीबी मशीन एवं घन की सहायता से तोड़ा गया। कार्रवाई में सहायक सिटी प्लानर अमित गुप्ता, भवन अधिकारी यशवंत मैकले, संबंधित क्षेत्राधिकारी शिल्पा दिनकर, मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसौदिया, श्रीकांत सेन सहित पूर्व एवं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की मदाखलत टीमें मौजूद रहीं।

मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मुरार बारादरी चौराहे से सदर बाजार अग्रसेन चौक तक रथयात्रा के मद्देनजर अनाउंसमेंट कराया गया। इस दौरान हाथ ठेला संचालकों एवं फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को मार्ग से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई। इसके बाद ठाठीपुर मयूर मार्केट में फुटपाथ पर रखे हाथ ठेले जब्त किए गए तथा अवैध रूप से लगाए गए छप्पर हटवाए गए। जब्त हाथ ठेलों को डीबी सिटी स्थित मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया।

  शिकायत के आधार पर माधव नगर चौराहे के पास एजी ऑफिस के सामने फुटपाथ पर कार्रवाई की गई। यहां फुटपाथ पर रखा सामान जब्त कर कंबल एवं फर्नीचर विक्रेताओं को हटाया गया तथा भविष्य में फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। जब्त सामग्री को डीबी सिटी मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया। यह कार्रवाई मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसौदिया एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्र की टीम द्वारा की गई।

इसी क्रम में नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान एवं विज्ञापन शाखा के नोडल अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर शहर में अवैध झंडी-बैनर हटाने का अभियान चलाया गया। पटरी रोड से तोमर टेंट हाउस होते हुए सिंधिया स्टैच्यू तक विद्युत खंभों पर लगाए गए झंडी-बैनर हटाए गए। इसके साथ ही सिंधिया स्टैच्यू से महाराजा कॉम्प्लेक्स एवं दीनदयाल नगर चौराहे तक भी खंभों पर लगी अवैध प्रचार सामग्री निकाली गई। इस कार्रवाई में मदाखलत ग्रामीण निरीक्षक राघवेंद्र दीक्षित ग्रामीण मदाखलत दल के साथ मौजूद रहे।रहे।