अपना शहर

“सेवा-संकल्प अभियान”- “आंगन मिलन सेवा” से बच्चों के चेहरे खिले, पोषण और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

“आंगन मिलन सेवा” ने जगाई जनभागीदारी की भावना, योजनाओं की जानकारी के साथ हुआ वृक्षारोपण

ग्वालियर। “सेवा-संकल्प अभियान” के तहत “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का आयोजन रविवार को आंगनबाड़ी केन्द्र रेशममिल वार्ड-16 पर किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के बच्चों को पोषण आहार की उपयोगिता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही वृक्षारोपण किया गया और आंगनबाड़ी केन्द्रों में केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार के माध्यम से संचालित होने वाली विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत “आंगन मिलन सेवा” के तहत आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, करुणा सक्सेना, अरुण परमार, गिरजा गर्ग, चेतन तोमर, गौरव वाजपेयी, हैप्पी फाउण्डेशन के हेमंत निगम के साथ संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास सीमा शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय, सहायक संचालक महिला-बाल विकास राहुल पाठक, परियोजना अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, परियोजना अधिकारी  राघवेन्द्र सिंह सहित आंगनबाड़ी के बच्चे और उनके अभिभावक उपस्थित थे।

बच्चों के बीच आनंद व प्रसन्नता का अनुभव होता है

 कार्यक्रम में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित होना चाहिए। बच्चों के बीच होकर आनंद व प्रसन्नता का अनुभव होता है। शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों को मिले, यह हम सबका प्रयास होना चाहिए। जिला अध्यक्ष ने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजनों को शासन की योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें लाभान्वित करने का कार्य भी किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केन्द्र में संचालित होने वाली विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।