टॉप न्यूज़

लंपी वायरस की रोकथाम के लिये आइसोलेशन सेंटर के माध्यम से उपचार एवं टीकाकरण का कार्य जारी, ग्राम रतवाई में वृंदावन गौशाला में पीड़ित गायों का उपचार किया जा रहा है

आईसोलेशन सेंटर में पीड़ित गायों के उपचार के लिये चिकित्सकों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है, साथ ही टीकाकरण का अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है

ग्वालियर। गौवंश में लंपी वायरस की रोकथाम के लिये प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। ग्राम रतवाई में वृंदावन गौशाला में आईसोलेशन सेंटर के माध्यम से पीड़ित गायों का उपचार किया जा रहा है। इसके लिये चिकित्सकों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही टीकाकरण का अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है। 

 उप संचालक पशु चिकित्सा एवं डेयरी विभाग डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले 20 दिनों से गौवंश में लंपी स्किन डिसीज की शिकायतें सामने आई थीं। जिसके तहत विभाग एवं नगर निगम के माध्यम से संयुक्त प्रयास कर पीड़ित गौवंश को आइसोलेशन सेंटर पर लाकर उनका उपचार किया जा रहा है। इसके साथ ही विशेष टीकाकरण का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 182 गौवंश संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 108 गौवंश उपचार करने के उपरांत ठीक हो गए हैं। शेष गौवंश का उपचार किया जा रहा है। 

 नगर निगम की आदर्श गौशाला लाल टिपारा में लगभग 10 हजार गौवंश में टीकाकरण का कार्य किया गया है। इसके साथ ही शहर में घूमने वाली निराश्रित गौवंश में भी टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। पीड़ित गौवंश के 14 सेम्पल सीरम जाँच हेतु भोपाल भेजे गए हैं। जिले में आयोजित जन-विश्वास शिविरों के माध्यम से भी पशुपालकों को टीकाकरण के लिये प्रेरित किया जा रहा है।