ग्वालियर। अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने भितरवार क्षेत्र के ग्राम सिला में कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 36 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की है। अवैध शराब बिक्री के वायरल वीडियो के बाद आबकारी अमला जागा है और गांव की पीड़ित महिलाओं के उग्र विरोध के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई की गई है। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के खिलाफ़ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन व सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की। बता दे कि भितरवार क्षेत्र के ग्राम सिला में अवैध मदिरा विक्रय से संबंधित वायरल वीडियो का आबकारी विभाग ने संज्ञान लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र कर संदिग्ध परिसरों की विधिवत जांच एवं तलाशी ली गई। जांच के दौरान ग्राम सिला में कमल बाथम के आधिपत्य से 15 पाव देसी मदिरा प्लेन बरामद हुई। मदिरा को नियमानुसार जब्त कर उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी प्रकार ग्राम सिला में तारा सिंह के आधिपत्य से 21 पाव देसी मदिरा प्लेन बरामद हुई। इसे भी नियमानुसार जब्त कर उनके विरुद्ध धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। दोनों प्रकरणों में जब्त मदिरा के पृथक-पृथक प्रतिनिधि नमूने नियमानुसार मौके पर लिए गए।
नमूनों को विधिवत सीलबंद एवं सुरक्षित कर मदिरा की प्रकृति एवं गुणवत्ता के परीक्षण के लिए क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। शेष जब्त मदिरा को भी नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में लिया है । आबकारी विभाग द्वारा ग्राम सिला सहित संबंधित क्षेत्र में अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। यह कार्रवाई आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में आबकारी स्टाफ के सहयोग से की गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
