ग्वालियर। “सेवा-संकल्प अभियान” को गंभीरता से लें और इसकी प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी ढंग से आयोजन सुनिश्चित किया जाए। स्कूलों में “मेरे सपनों का भारत”, आंगनबाड़ियों में “आंगन मिलन सेवा”, विभिन्न स्थानों पर “सेवा ज्योति कलश यात्रा”, “सेवा सेतु” का आयोजन प्रभावी ढंग से हो। साथ ही “सेवा मेरा योगदान” के लिये शासन द्वारा निर्धारित 25 गतिविधियों में से कम से कम 10 गतिविधियों को प्रभावी रूप से मूर्तरूप दिया जाए। यह निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सेवा-संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों एवं जन सामान्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर चौहान ने 100 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विशेष रूप से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों का अभियान चलाकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में केवल संख्या पूरी करने के बजाय आवेदकों की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। ग्वालियर जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणाओं पर अमल की समीक्षा भी बैठक में की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा शासन के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद एवं अनिल बनवारिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं एसडीएम उपस्थित थे।
