ग्वालियर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत एक माह तक स्वच्छता से जुडी विभिन्न गतिविधियां की जानी है। सोमवार को एनसीसी कैडेट्स, स्काउट, एमएलबी कॉलेज के छात्रों सहित आमजनों की सहभागिता से नगर निगम ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत उन्होंने अचलेश्वर महादेव मंदिर, एमएलबी कॉलेज परिसर, एमएलबी ग्राउण्ड और थीम रोड पर पडा़ कचरा साफ किया, साथ ही रैली निकालकर आमजनों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक खेल अधिकारी विजेता चौहान, एनसीसी कैडेट, स्काउट, कॉलेज के छात्र सहित आईईसी की टीम उपस्थित रही।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में शहर को स्वच्छ,सुंदर और पर्यावरण संरक्षण को बढावा देने के लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की गई है। एक माह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार को शहर के स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और एमएलबी कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं के इस उत्साह को देखकर आम नागरिकों ने भी सफाई अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रमदान किया।
विभिन्न स्थलों पर चला सफाई का महाअभियान
सोमवार सुबह से ही शहर के विभिन्न प्रमुख और व्यस्त इलाकों में युवाओं की टोलियां गार्बेज बैग हाथ में लेकर निकली और सडक, झाड़ियों, फुटपाथ, मंदिर परिसर के आसपास पडे़ कचरे को साफ किया।
शहर के कचरे को पहुंचाया लैंड फिल साइट
धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण अचलेश्वर महादेव मंदिर के आसपास जमा कचरे, प्लास्टिक की बोतलों और पॉलिथीन को कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने एकत्रित किया। इसके साथ ही एमएलबी कॉलेज के विशाल परिसर और खेल मैदान की गहन सफाई की गई। कॉलेज परिसर में बिखरे सूखे पत्तों, थर्माकोल और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर पूरे प्रांगण को स्वच्छ बनाया गया। वहीं स्मार्ट सिटी द्वारा संवारी गई थीम रोड से सड़क किनारे पड़े कचरे को हटाकर उसे चमकाया गया।
जन-जागरूकता रैली के माध्यम से दिया संदेश
सफाई कार्य पूरा करने के बाद एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और एमएलबी कॉलेज के छात्रों ने एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया। हाथों में स्वच्छता संदेशों वाली पट्टियां, तख्तियां और बैनर लिए विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में उत्साहपूर्वक नारे लगाए। रैली के दौरान युवाओं ने आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे कचरा सड़कों या खुले स्थानों पर न फेंकें। उन्होंने लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने, डस्टबिन का उपयोग करने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का त्याग करने की सलाह दी। बच्चों और युवाओं के इस प्रयास की शहरवासियों ने प्रशंसा की और कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने का संकल्प लिया।
एक माह तक आयोजित होंगी विविध गतिविधियां
आईईसी के नोडल अधिकारी मुकेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न वार्डों, आवासीय कॉलोनियों, बाजारों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से सफाई अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला स्पर्धा, और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार इस अभियान से जोड़े रखा जाएगा।
नागरिकों से नगर निगम की अपील
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने ग्वालियर की जनता अपील की है कि ग्वालियर को स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर लाने के लिए हर नागरिक का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा है कि जिस तरह बच्चों और युवाओं ने आगे आकर शहर को साफ करने की जिम्मेदारी उठाई है, उसी तरह हर शहरवासी को अपने घर और आसपास के माहौल को स्वच्छ रखने की आदत डालनी चाहिए। जब तक स्वच्छता हर व्यक्ति के संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा नहीं बनेगी, तब तक किसी भी शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाना संभव नहीं है।है।
