ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में चलाए जा रहे दो महत्वपूर्ण अभियान “सेवा-संकल्प अभियान” एवं “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत ग्वालियर जिले में जन सामान्य को जोड़कर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अभियानों के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी कार्य समय पर हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बीते रोज मुरार सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सेवा-संकल्प अभियान में जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इन गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के साथ जन-जन को जोड़ने की भी आवश्यकता है। बैठक में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष, कलेक्टर चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव, डीन मेडीकल कॉलेज धाकड़, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, CMOH डॉ. सागर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी उपासना राय, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि अभियान के तहत शासकीय स्कूल व कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिलेभर में हो और अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें सहभागिता करें। साथ ही नुक्कड़ नाटक, शासन की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केन्द्रित हर जिले में किए जा रहे हैं, ग्वालियर में भी व्यवस्थित रूप से आयोजित हों।
“सेवा कलश यात्रा”: सभी ब्लॉक से जिला मुख्यालय पर आएगी
“सेवा कलश यात्रा” जिले के सभी ब्लॉक से निकलकर जिला मुख्यालय पर आए और जिला मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके साथ ही सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत जिले की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों को भी व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिले, ऐसे प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जिले भर में वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जाए।
प्रभारी मंत्री ने अभियानों की समीक्षा के साथ जिले में संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का कार्य और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को तेजी के साथ ठीक किया जाए। यातायात प्रबंधन के संबंध में भी पुलिस अधीक्षक को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सेवा-संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में की जा रही कार्रवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को जोड़कर अभियान के तहत कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रमों को भव्यता के साथ आयोजित किया जायेगा।
